इंडस्ट्रियल एरिया फे ज एक स्थित ईडन हॉस्पिटल से दो अज्ञात व्यक्ति लाखों रुपयें के फायर सेंसर उतार ले गए। अब एक महीने बाद अस्पताल प्रशासन ने चोरी का केस दर्ज कराया है, जबकि इस दौरान सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पुलिस चोरों का पता नहीं लगा पाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दो सितंबर को दो अज्ञात लोग फायर सिस्टम कंपनी के इंजीनियर बनकर अस्पताल में इंस्पेक्शन के बहाने घुसे और 73 फायर सेंसर खोलकर ले गए।
इन फायर सेंसर की कीमत लगभग 2.55 लाख रुपये है। शुरू में अस्पताल प्रशासन सोचता रहा कि कंपनी वाले सेंसर लगा जाएंगे। जब काफी दिनों तक सेंसर वापस लगाने कोई नहीं पहुंचा तो अस्पताल के अफसरों ने कंपनी में पूछताछ की। इस पर कंपनी से बताया गया कि उन्होंने इंस्पेक्शन के लिए किसी इंजीनियर को नहीं भेजा था।
इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक सितंबर एक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि वह फायर सिस्टम कंपनी से बोल रहा है और दो सितंबर को उसकी दो कंपनी के दो इंजीनियर हॉस्पिटल में फायर सेंसर चेक करने जाएंगे।
अगले दिन सुबह करीब 7 बजे दो व्यक्ति इंजीनियर बन कर घुसे और दो घंटों में अस्पताल में लगे 73 फायर सेंसर खोल कर ले गए।
प्रनीता ठाकुर, जीएम (ऑपरेशंस), ईडन हास्पिटल ने बताया कि पुलिस को हास्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सौंप दी गई है । फुटेज में दोनों व्यक्तियों की शक्लें साफ दिख रही हैं। पर अभी तक कोई भी आरोपी पकड़ा नही गया है।