पीजीआई की पांच ओपीडी के डॉक्टरों से चेकअप करवाने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू कर दी गई है। अब घर बैठे ही मरीज स्किन, प्रसूति व स्त्री रोग, ऑर्थोपेडिक, ड्रग्स डी-एडिक्शन एंड ट्रीटमेंट सेंटर में चेकअप के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे।
बुधवार को पीजीआई के डायरेक्टर वाइके चावला ने ऑनलाइन सेवा का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने पीजीआई के पहले इन्फार्मेशन कियोस्क का भी उद्घाटन किया। यह नेहरू अस्पताल में इंस्टाल किया गया है। इनके सॉफ्टवेयर सीडेक ने विकसित किए हैं। इन दोनों सुविधाओं के शुरू होने से अब मरीजों को कार्ड के लिए लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और वे आसानी से डॉक्टर को दिखा सकेंगे।
इस प्रकार करवाना होगा रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए मरीजों को पीजीआई की वेबसाइट pgimer.edu.in पर जाना होगा। वेबसाइट पर पेशेंट केयर वाले हिस्से में ऑनलाइन प्री रजिस्ट्रेशन का एक ऑप्शन होगा।
इस पर क्लिक करते ही कुछ दिशा-निर्देश आएंगे और उसके नीचे प्रोसीड फॉर रजिस्ट्रेशन लिखा होगा। उस पर क्लिक करते ही रजिस्ट्रेशन फार्म आ जाएगा।
आपके मोबाइल पर प्री-रजिस्ट्रेशन नंबर आ जाएगा
इसमें मरीज से संबंधित कुछ जानकारियां पूछी गई हैं। फार्म में छह डिपार्टमेंट के ऑप्शन आएंगे। इनमें जिस भी डिपार्टमेंट में आपको चेकअप करवाना है, उस पर क्लिक कर दीजिए।
उसके बाद आपको सात दिन की तारीख दी जाएगी, उसमें आप अपनी सुविधा मुताबिक तारीख भर दें। फार्म में मोबाइल नंबर और अपना ई-मेल आईडी भी डालें। फार्म भरते ही आपके मोबाइल पर प्री-रजिस्ट्रेशन नंबर आ जाएगा।
काउंटर पर दिखाना होगा अपना नंबर
जिस दिन मरीज को चेकअप के लिए जाना हो, उस दिन प्री-रजिस्ट्रेशन नंबर को ओपीडी के सेपरेट रजिस्ट्रेशन काउंटर में दिखाना होगा। यह काउंटर सुबह आठ बजे से लेकर 11 बजे तक रहेगा। इस काउंटर पर नंबर दिखाते ही मरीज को यूनिक और परमानेंट सीआरएनओ नंबर मिल जाएगा। इस नंबर को दिखाकर आप ओपीडी में अपना इलाज करवा सकते हैं।
तय तारीख पर न आए तो रद्द होगा कार्ड
जिस दिन के लिए मरीज ने रजिस्ट्रेशन करवाया है, यदि किसी कारणवश वह नहीं पहुंच पाता है तो उसका कार्ड रद्द हो जाएगा। उसे फिर से नया रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। जिस दिन आपको जाना है, उस दिन सुबह छह बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
इन्फॉर्मेशन कियोस्क का यह है फायदा
नेहरू हॉस्पिटल में इन्फॉर्मेशन कियोस्क से मरीज को ओपीडी शेड्यूल, लैब टेस्ट, कंसलटेंट, हॉस्पिटल चार्ज, हालीडे, हेल्पलाइन नंबर की जानकारी मिल सकेगी। पीजीआई में दाखिल पेशेंट के बारे में लाइव जानकारी मिल सकेगी।