शहर के प्राइवेट स्कूलों के कैंपस में मनमाने तरीके से महंगी किताबें और ड्रेस बेची जा रही हैं। प्राइवेट स्कूलों ने कैंपस को बिजनेस अड्डा बना लिया है। प्राइवेट स्कूलों में शिक्षा विभाग की जांच कमेटियों की प्रारंभिक रिपोर्ट में कुछ ऐसा ही खुलासा हुआ है। जांच कमेटियों की रेड में 2-3 स्कूलों में तो यह सरेआम पाया गया है।
शहर के प्राइवेट स्कूलों में निजी पब्लिशर्स की किताबें सिलेबस में शामिल करने, कैंपस में बुकशॉप खोलने और महंगे रेट पर ड्रेस बेचने के खिलाफ शिक्षा विभाग की ओर से वीरवार को की गई 10 स्कूलों की रेड में कई बड़े खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट में कई स्कूलों में बड़े स्तर पर वॉयलेशन और मनमानी की बात सामने आई है।
शिक्षा विभाग के अधिकारी अभी जांच रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर यूटी प्रशासन प्राइवेट स्कूलों पर कार्रवाई करेगा। दोषी प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग सीबीएसई को इनकी मान्यता और लैंड अलॉटमेंट रद्द करने की सिफारिश करेगा।
यूटी की नई एजुकेशन पॉलिसी का ड्राफ्ट हो रहा तैयार
प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ हजारों अभिभावकों में रोष है। स्कूलों की मनमानी को लेकर छप रही खबरों पर यूटी प्रशासन पूरी गंभीर हो गया है। मामला प्रशासक प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी और एडवाइजर परिमल रॉय तक पहुंच चुका है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर अब प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए काफी दबाव है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही यूटी प्रशासन निजी पब्लिशर्स की किताबें, कैंपस में बुकशॉप खोलने और मनमाने ढंग से ड्रेस बेचने पर रोक लगाने की तैयारी में है।
यूटी प्रशासन पंजाब और हरियाणा की तर्ज पर यूटी की एजुकेशन पॉलिसी को नए सिरे से ड्रॉफ्ट करने की तैयारी में है। जल्द ही इसके लिए प्रशासन एक कमेटी गठित करेगा। इस संबंध में वीरवार को उच्च अधिकारियों की एक मीटिंग भी हुई है। पॉलिसी में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी रोकने के प्रावधान तैयार किए जाएंगे।
प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ नेशनल कमीशन में शिकायत: शहर के प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ अभिभावकों ने मोर्चा खोल दिया है। एडवोकेट पंकज चांदगोठिया ने 10वीं बोर्ड एग्जाम के रिजल्ट से पहले ही नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स चेयरपर्सन को शिकायत दी है। शिकायत चंडीगढ़ के प्राइवेट अन एडेड स्कूल एसोसिएशन चंडीगढ़ के खिलाफ की गई है। चांदगोठिया का आरोप है कि प्राइवेट स्कूल 10वीं का रिज्लट आए बिना कैसे 11वीं में दाखिला दे सकते हैं। प्रोविजनल एडमिशन के नाम पर प्राइवेट स्कूल 50 से 60 हजार एडमिशन फीस ले रहे हैं। एडवोकेट पंकज ने जुलाई से पहले 11वीं में दाखिले पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही 11वीं में सेंट्रलाइज्ड दाखिले की मांग की है।