पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किए दोनों नए मंत्रियों को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके लिए तीन अन्य मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी किया गया है। इस प्रक्रिया में कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल का सरकार में कद घटा दिया गया है जबकि गुरमीत सिंह मीत हेयर का कद बढ़ गया है।
मुख्यमंत्री ने नए मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशु पालन मछली पालन व डेयरी विकास विभाग और खाद्य प्रसंस्करण विभाग सौंपे हैं, जोकि अब तक कुलदीप सिंह धालीवाल के पास थे। वहीं, धालीवाल से ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग भी वापस लेकर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को देते हुए उनका भी कद बढ़ाया गया है। अब धालीवाल एनआरआई मामले विभाग और प्रशासनिक सुधार विभाग के मंत्री हैं। इसके अलावा, दूसरे नए मंत्री बलकार सिंह को स्थानीय निकाय विभाग और संसदीय मामले विभाग दिए गए हैं।
स्थानीय निकाय विभाग पहले इंदरबीर सिंह निज्जर के पास था, जिन्होंने मंगलवार शाम कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री ने निज्जर का इस्तीफा स्वीकृति के लिए राज्यपाल को भेज दिया है। कैबिनेट में नई नियुक्तियों और फेरबदल के बीच मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा मामले मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर की जिम्मेदारी बढ़ाते हुए मौजूदा विभागों के साथ जल स्त्रोत, खनन, साइंस टेक्नोलॉजी एवं पर्यावरण और भूमि एवं जल संरक्षण विभाग भी सौंप दिए हैं।
बलकार सिंह: स्थानीय निकाय, संसदीय मामले।
गुरमीत सिंह खुड्डियां: कृषि एवं किसान कल्याण, पशु पालन मछली पालन व डेयरी विकास, खाद्य प्रसंस्करण।
गुरमीत सिंह मीत हेयर: जल स्त्रोत, खनन एवं भूगर्भ, साइंस टेक्नोलॉजी एवं पर्यावरण, खेल एवं युवक सेवाएं, भूमि एवं जल संरक्षण।
कुलदीप सिंह धालीवाल: एनआरआई मामले, प्रशासनिक रिफार्म।
लालजीत सिंह भुल्लर: परिवहन, ग्रामीण विकास एवं पंचायतें।
सीएम मान ने विधायकों और सांसदों को रात्रि भोज दिया
जालंधर लोकसभा उपचुनाव में हुई जीत और पंजाब मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद बुधवार रात सीएम भगवंत मान ने अपने आवास में रात्रि भोज आयोजित किया। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंदर केजरीवाल ने शिरकत की जबकि आप के सभी विधायक, मंत्री और राज्यसभा सांसद अपने परिजनों संग पहुंचे।
इस मौके पर केक काटा गया। साथ ही अरविंद केजरीवाल ने नई चुनी टीम को बधाई दी। जानकारी के मुताबिक सीए मान की तरफ से सभी विधायकों और सांसदों को पहले ही परिवार सहित न्योता दिया गया था। इस मौके पर जालंधर लोकसभा में हुई जीत को लेकर सारे उत्साहित थे। वहीं, पार्टी सूत्रों से पता चला है कि गुरुवार सुबह अरविंदर केजरीवाल और सीएम भगवंत मान तमिलनाडु और ओडिशा जाएंगे। जहां पर वह केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली के अफसरों पर अपना कंट्रोल बनाए रखने के लिए लाए गए अध्यादेश के खिलाफ समर्थन जुटाएंगे।