चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी में मंगलवार को वार्षिक कला प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। यह आयोजन कलानिधि चंडीगढ़ आर्ट फाउंडेशन की ओर से हुआ। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन अंजना रानी ने किया।
कलानिधि की संस्थापक गुरुमीत गोल्डी और भारती वंदना ने बताया कि इस वर्ष प्रदर्शनी के लिए कुल 196 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। ज्यूरी ने 98 कलाकृतियों को प्रदर्शन के लिए चुना। इस प्रदर्शनी में देश-विदेश से कुल 79 कलाकारों की कलाकृतियां लगाई गई हैं।
इस बार चार कैश अवॉर्ड,सात एक्सिलेंस अवॉर्ड और चार मैरिट अवॉर्ड दिए गए। कैश अवॉर्ड हरियाणा के राजीव जयसवाल, चंडीगढ़ के विवेक शर्मा, पंजाब के चिराग सिंगला और चंडीगढ़ के यशस्वी को दिया गया। एक्सिलेंस अवॉर्ड में श्याम चौधरी, रितुपर्णा दास, दलजीत कौर और अर्चना को दिया गया। मैरिट अवॉर्ड डॉ. राहुल धीमान, सुबोध कुमार गिरि और अजय कुमार तंवर को दिया गया।
चिराग सिंगला ने कैनवास पर बिखेरा रंगों का जादू
पंजाब के प्रतिभाशाली कलाकार चिराग सिंगला ने अपनी बोलने में असमर्थता को मात देते हुए कैनवास पर रंगों का जादू बिखेरा। उनकी कला प्रदर्शनी ने दर्शकों को बहुत प्रभावित किया। चिराग की खामोश कला उनकी गहरी भावनाओं को बखूबी बयां करती है, जिसे देख हर कोई प्रभावित है। प्रदर्शनी में पेंटिंग, मूर्ति कला, मिक्स मीडिया, चित्रकला, प्रिंट मेकिंग, फोटोग्राफी और विभिन्न आधुनिक एवं पारंपरिक कला रूपों को प्रदर्शित किया गया। इस प्रदर्शनी में स्थापित कलाकारों के साथ-साथ उभरते हुए युवाओं ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई।