शहर की मार्केट में लगे पिलर्स पर लगे अनाधिकृत विज्ञापनों को अब उतरवा दिया जाएगा। इसकी शुरुआत कर रहा है चंडीगढ़ व्यापार मंडल।
जिसके सदस्य पिलर्स पर लगाए जाने वाले विज्ञापनों को उतारने की गुजारिश सीधे मार्केट एसोसिएशन के सदस्यों से करेंगे। इन विज्ञापनों का चालान नगर निगम करता है।
जिसके एवज में दुकानदारों पर ढाई लाख रुपये से लेकर पंद्रह लाख रुपये तक भुगतान पड़ता है। चंडीगढ़ व्यापार मंडल द्वारा चलाई जा रही मुहिम के जरिए कोशिश है कि दुकानदारों को बचाया जा सके।
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरंजीव सिंह ने कहा कि मनीमाजरा, सेक्टर-22, सेक्टर-9 और अन्य मार्केट में विज्ञापनों के भारी भरकम चालान किए जा चुके हैं। चरंजीव सिंह के अनुसार नई एडवरटाइजिंग पालिसी के आने तक नगर निगम से चालान को रोकने की अपील की गई है।
फिर कहां डिस्प्ले करें दुकानदार
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के दिवाकर सहूंजा ने कहा कि दुकानदारों को साइनबोर्ड के अतिरिक्त प्रोडक्ट डिस्प्ले करने के लिए जगह दी जानी चाहिए। बिना डिस्प्ले किए उनके बारे में जानकारी कैसे मिल सकेगी।
18 ट्रेडर्स ने ज्वाइन की सदस्यता
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरंजीव सिंह ने कहा कि ट्रेडर्स सीबीएम को ज्वाइन करना चाहते हैं। 18 ट्रेडर्स के आवेदनों को मंजूर किया गया है और उनको सदस्यता प्रदान कर दी गई है।
व्यापार मंडल के चुनावों की घोषणा सात को
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चुनावों की घोषणा सात फरवरी को होने वाली जनरल बाडी की मीटिंग में की जाएगी। यह मीटिंग होटल शिवालिक व्यू में होगी।