आबकारी विभाग का हेल्पलाइन नंबर 9875961126 पंजाब में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने में कारगर साबित हो रहा है। विभाग ने दावा किया है कि आम लोग अपने आसपास शराब तस्करी, अवैध शराब तैयार कर रही भट्ठियों और लाहन के बारे में हेल्पलाइन नंबर पर लगातार सूचनाएं दे रहे हैं।
हेल्पलाइन नंबर पर मिलीं 265 शिकायतों में से 250 पर कार्रवाई करते हुए 22 मामलों में एफआईआर दर्ज की है, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस हेल्पलाइन नंबर के जरिए आम लोग आबकारी से संबंधित अपराध जैसे शराब की तस्करी, लाहन, शराब की चालू भट्ठियां, अवैध शराब बनाने वाली इकाइयों आदि के बारे में शिकायतें दे सकते हैं। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति वॉयस काल, एसएमएस या व्हाट्सअप संदेश के जरिए जानकारी दे सकता है।
प्रवक्ता ने बताया कि यह हेल्पलाइन गैर-सामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई में कारगर साबित हो रही है। गत आठ अगस्त तक कुल 265 शिकायतें मिली, जिनमें से 250 पर कार्यवाही की गई है।
ऑपरेशन रेड-रोज
आबकारी विभाग की ओर से राज्य में अवैध शराब बनाने, शराब की तस्करी, बॉटलिंग आदि को रोकने के लिए ऑपरेशन रेड रोज की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य सूबे में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करना है। इस ऑपरेशन के अंतर्गत पुलिस विभाग और आबकारी अधिकारियों की टीमें मिलकर आबकारी से जुड़े अपराधों पर लगाम लगाने की मुहिम चला रही हैं।