सेक्टर-9 स्थित मियामी क्लब को एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने बिना लाइसेंस शराब परोसने के मामले में एक लाख पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया है। बता दें कि अमर उजाला में प्रकाशित खबर के बाद एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने क्लब पर कार्रवाई की।
शहर में ऐसे कई डिस्कोथेक, नाइट क्लब और बार हैं जहां बिना लाइसेंस क्लब में शराब परोसी जा रही है। एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने मियामी क्लब को शोकाज नोटिस कर एफआईआर दर्ज करने के लिए भी कहा था। 4 नवंबर को एक्साइज डिपार्टमेंट ने मियामी क्लब में रेड की थी। डिपार्टमेंट को तीन से चार बार पहले भी शिकायत मिली थी कि बिना लाइसेंस के यहां युवाओं को क्लब में शराब सर्व की जाती है।
जब क्लब ने यहां रेड की थी उस दौरान यहां 200 युवा शराब के नशे में डांस फ्लोर पर लाउड म्यूजिक पर हुड़दंग मचा रहे थे। क्लब के पास लाइसेंस नहीं था, इसके बावजूद यहां ब्रांडेड शराब का स्टाक पड़ा था। इसके अलावा एक्साइज डिपार्टमेंट ने सेक्टर-10 स्थित रस्टिस डोर क्लब को 55 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
तमजारा और बारकोड क्लब पर चल रही कार्रवाई
तमजारा क्लब पर छापा
- फोटो : File Photo
इसके अलावा शुक्रवार को एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने सेक्टर-17 स्थित बज डिस्कोथेक, सेक्टर-26 स्थित एफ-बार नाइट क्लब और सेक्टर-17 स्थित पिकाडली ब्ल्यू आइस पर भी एक-एक लाख रुपये जुर्माना लगाया है। इन तीनों नाइट क्लब व डिस्कोथेक को मुफ्त में शराब परोसे जाने को लेकर गलत प्रचार करने के चलते एक्साइज डिपार्टमेंट ने एक लाख जुर्माना लगाया है। विभाग के मुताबिक नाइट क्लब व डिस्कोथेक पर लगातार चेकिंग जारी है। अगर कोई भी बिना लाइसेंस शराब परोसते पाया गया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यहां तक कि उस नाइट क्लब और डिस्कोथेक को नोटिस कर बंद कर दिया जाएगा।
तमजारा और बारकोड क्लब पर चल रही कार्रवाई
एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने पिछले हफ्ते इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 प्लाट नंबर 70 गोदरेज एटरनिया बिल्डिंग में तमजारा कैफे एंड क्लब में रेड की थी। जहां बिना लाइसेंस युवाओं को शराब परोसी जा रही थी। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बारकोड क्लब पर भी रेड की गई। यहां भी बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही थी। ऊपर से बारकोड क्लब ने एक्साइज इंस्पेक्टर को फर्जी लाइसेंस दिखाए। इन दोनों क्लबों की रिपोर्ट तैयार कर डीसी को भेज दी गई है।
तय रेट से नीचे शराब बेचने पर 7 शराब के ठेकों को एक लाख जुर्माना
हाल ही में एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर ने आर्डर जारी कर शहर के सभी शराब ठेकों को सरकारी रेट पर शराब बेचने के लिए कहा था। इसके बावजूद शहर में कई शराब के ठेके तय रेट से नीचे शराब बेच रहे थे। जिन पर कार्रवाई करते हुए एक्साइज डिपार्टमेंट ने शहर के कुल 7 ठेकों को एक-एक लाख रुपये जुर्माना लगाया है।