उत्तर प्रदेश में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में पंजाब के विश्वविद्यालयों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया। अंतिम पदक सूची में पहले पांच स्थानों में पंजाब की चार यूनिवर्सिटी ने कब्जा किया। इनमें पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ओवरऑल चैंपियन रही जबकि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर उपविजेता रही। पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने चौथा और गुरु काशी यूनिवर्सिटी दमदमा साहिब ने पांचवां स्थान हासिल किया।
पंजाब के खेल मंत्री ने दी बधाई
पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने इस उपलब्धि के लिए सभी विजेता खिलाड़ियों और यूनिवर्सिटी को बधाई दी। उन्होंने इसका श्रेय विद्यार्थियों, उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों, यूनिवर्सिटी और खेल विभाग के उच्चाधिकारियों को दिया। मीत हेयर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में पंजाब को फिर से देश का नंबर एक राज्य बनाने के प्रयासों में यह एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेडां वतन पंजाब दीया के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान किया जा रहा है।
पंजाब यूनिवर्सिटी ने जीते 26 स्वर्ण पदक
उत्तर प्रदेश में बीती शाम संपन्न हुए खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की पदक सूची में प्रथम स्थान पर आई पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ने 26 स्वर्ण, 17 रजत और 26 कांस्य पदक के साथ कुल 69 पदक जीते। इसी तरह दूसरे नंबर पर आने वाली गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर ने 24 स्वर्ण, 27 रजत और 17 कांस्य मेडल के साथ कुल 68 मेडल जीते, चौथे नंबर पर आने वाली पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने कुल 34 मेडल जीते हैं। इनमें 12 स्वर्ण, 14 रजत और 8 कांस्य पदक है। पांचवें स्थान पर आने वाली गुरु काशी यूनिवर्सिटी दमदमा साहिब ने 9 स्वर्ण, 10 रजत और 9 कांस्य पदक के साथ कुल 28 मेडल जीते।