चंडीगढ़। चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेकभनोलॉजी (सीसीईटी) डिप्लोमा विंग के प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं शुरू हो गईं। ऑनलाइन परीक्षाओं के कारण छात्रों में खुशी रही, क्योंकि उन्हें घरों से निकलकर कॉलेज तक नहीं आना पड़ा। छात्रों के मुताबिक पेपर सरल होने के चलतेे समय से पहले हल कर दिए।
प्रथम वर्ष के लगभग 400 छात्रों को वेबसाइट के जरिए पेपर ऑनलाइन उपलब्ध करवाया गया। यह प्रश्नपत्र छात्रों को 15 मिनट पहले मिल गया था, ताकि आसानी से डाउनलोड हो सके। प्रश्नपत्र खत्म होने के बाद छात्रों ने उत्तरपुस्तिकाएं ऑनलाइन ही अपलोड कीं। परीक्षाएं 23 जुलाई तक चलेंगी। वहीं द्वितीय व तृतीय वर्ष की परीक्षाएं भी चल रही हैं। यह लगभग खत्म होने को हैं। इन परीक्षाओं के बाद सीसीईटी नए बैच के लिए प्रवेश करेगा। सूत्रों का कहना है कि अगली परीक्षाओं में कोर्स पूरा आएगा, क्योंकि संस्थानों को खोलने की तैयारी चल रही है और पढ़ाई भी ऑफलाइन शुरू हो जाएगी। इसके लिए छात्रों का डाटा इकट्ठा करने के साथ ही टीकाकरण पर भी जोर दिया जा रहा है।