औद्योगिक प्लॉट आवंटन मामले में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर केस दर्ज होने के बाद से प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस में राजनीतिक बयानबाजी से माहौल गरमा गया है। हुड्डा ने भाजपा पर निशाना साधते कहा है कि खट्टर सरकार ने अपनी नाकामी छुपाने के लिए राजनीतिक द्वेष के चलते उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाया है।
हुड्डा सोमवार को गन्नौर में एक निजी समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उधर हुड्डा के इस बयान के बाद कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हैं। सरकार को राजनीतिक द्वेष से केस दर्ज कराना होता तो एक साल क्यों इंतजार करती। हुड्डा सच्चे हैं तो डर क्यों रहे हैं? जांच का सामना करें।
गन्नौर पहुंचे पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार अभी तक एक भी नई परियोजना लेकर नहीं आई है। यह सिर्फ फीता काट सरकार है जो कांग्रेस की परियोजनाओं का ही दोबारा शिलान्यास या उद्घाटन कर वाहवाही लूट रही है। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में गन्नौर में एशिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय फल-फूल एवं डेयरी प्रोजेक्ट पर जोर-शोर के साथ काम शुरू हुआ था, लेकिन भाजपा सरकार के आते ही काम रुक गया है।
पूरी कांग्रेस हुड्डा के साथ: शर्मा
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं गन्नौर के विधायक कुलदीप शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ओछी हरकतों पर उतर आई है। जानबूझ कर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिह हुड्डा व कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर संसद तक पूरी कांग्रेस हुड्डा के साथ है।
भाजपा के किसी भी कार्यक्रम में नहीं करेंगे शिरकत
गीता महोत्सव पर कांग्रेसी विधायकों के न पहुंचने पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि भाजपा ने पहले तो रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा को झज्जर में एम्स अस्पताल में पहुंचने निमंत्रण भेजा और बाद में रद्द कर दिया। इस पर कांग्रेसी विधायकों ने बैठक कर भाजपा सरकार के किसी भी कार्यक्रम में शिरकत न करने का निर्णय लिया है।
हुड्डा राज में ही उठने लगी थी अंगुली: जैन
गीता महोत्सव के समापन समारोह में पहुंची कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने हुड्डा के आरोपों पर सफाई देते कहा कि भाजपा सरकार ने बदले की भावना से पूर्व सीएम के खिलाफ केस दर्ज नहीं कराया है, बल्कि हुड्डा राज में ही प्लाटों के आवंटन पर अंगुली उठने लगी थी। सरकार को बदले की भावना से काम करना होता तो एक साल तक किसी ने रोका नहीं था। पहले ही दर्ज करवा दिया होता। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को कसी सूरत में सहन नहीं करेगी।