चंडीगढ़। पंजाब इंजनियरिंग कॉलेज (पेक) में आने वाले हर विद्यार्थी व रिसर्च स्कॉलर को क्वारंटीन रहना होगा। पेक की ओर से आदेश जारी किए गए हैं कि वह गृह मंत्रालय व यूटी प्रशासन के आदेशों का पालन करवाएगा। साथ ही विद्यार्थियों व रिसर्च स्कॉलर को भी इसमें साथ देना होगा। यह पेक के लिए भी लाभदायक होगा और विद्यार्थियों के लिए भी।
इस समय शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों व रिसर्च स्कॉलर को नहीं बुलाया जा रहा है। ऑनलाइन ही शिक्षण कार्य चल रहा है, लेकिन कुछ विद्यार्थी व रिसर्च स्कॉलर ऐसे हैं जिनकी अपनी समस्याएं हैं और उनका निपटारा पेक में आकर ही हो सकता है। ऐसे छात्र हर दिन कुछ आ रहे हैं। इन छात्रों को मुख्य गेट पर ही रोककर पूछा जा रहा है कि उनके यहां आने का कारण क्या है। उसके बाद विद्यार्थियों को नियम बताए जा रहे हैं कि उन्हें क्वारंटीन रहना होगा। यदि वह इसका पालन करने को तैयार हैं तभी उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है।
कोशिश की जा रही है कि ऑनलाइन या वेब के जरिये ही छात्रों की समस्याओं का निस्तारण हो जाए। सूत्रों का कहना है कि यही कारण है कि पेक की ओर से इवैल्यूएशन का कार्य भी ऑनलाइन कर दिया गया है। वाइवा आदि भी ऑनलाइन ही लिए जा रहे हैं। कुछ हॉस्टल क्वारंटीन बनेंगे। इसके लिए भी पेक तैयार है। क्योंकि मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद पेक के हॉस्टलों की मदद प्रशासन लेगा।