-22 जनवरी को केजरीवाल व सीएम भगवंत मान करेंगे योजना का शुभारंभ, 65 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार हर घर तक मुफ्त मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड पहुंचाएगी, जिससे प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि इस योजना से राज्य के लगभग 65 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। योजना का औपचारिक शुभारंभ 22 जनवरी को आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान संयुक्त रूप से करेंगे।
डॉ. बलबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य कार्ड बनाने से लेकर इलाज तक की पूरी प्रक्रिया सरकारी खर्च पर होगी। किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को कार्ड बनाने या इलाज के दौरान शुल्क वसूलने की अनुमति नहीं है।
सुविधाएं और अस्पताल
शिविरों के माध्यम से 9,000 से अधिक स्थानों पर कार्ड बनाए जा रहे हैं। योजना का लाभ आम नागरिकों के साथ-साथ पेंशनर्स और सरकारी कर्मचारियों को भी मिलेगा, बशर्ते वे पंजाब के निवासी हों। इस योजना में राज्य के लगभग 800 निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में इलाज पूरी तरह मुफ्त रहेगा।
पंजीकरण की प्रक्रिया
यूथ क्लब के स्वयंसेवक घर-घर जाकर टोकन वितरित करेंगे। कार्ड बनाने के लिए नागरिकों को आधार कार्ड और वोटर आईडी लेकर निर्धारित सेंटर पर जाना होगा।
दो के लाइसेंस निरस्त, एफआईआर
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सरकार ने इस स्कीम का दुरुपयोग करने की कोशिशों के खिलाफ पहले ही सख्त एक्शन लिया है। मुक्तसर और मानसा से शिकायतें मिली थीं, जहां कुछ लोग हेल्थ कार्ड बनाने के लिए लोगों से गैर-कानूनी तरीके से 50 रुपये चार्ज कर रहे थे। इस मामले में दो लोगों की एजेंसी के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।