चंडीगढ़। दिव्यांग जनों को प्रकृति कोई न कोई ऐसी दिव्य शक्ति जरूर प्रदान करती है, जिसके बल पर वे अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर विश्व में मिसाल कायम करते हैं। ऐसे में समाज और प्रशासन का दायित्व है कि उनके सहयोग के लिए तत्पर रहे, ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें। ये बात पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार को पीजीआई में सक्षम संस्था के कार्यक्रम के दौरान कही।
पीजीआई के नाइन ऑडिटोरियम में सक्षम संस्था की ओर से मोटराइज्ड व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और चयनित लाभार्थियों को व्हीलचेयर वितरित की।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज की शक्ति हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे प्रयास बेहद जरूरी हैं। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों और एनजीओ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिससे दिव्यांग सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता देखने को मिली। वंदे मातरम् और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जबकि दिव्यांगजनों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। सक्षम संस्था के चंडीगढ़ शाखा के अध्यक्ष सत्यवीर डागर ने बताया कि हमारा उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है।