चंडीगढ़ सेक्टर 3 में टावर पर चढ़े टीचरों ने मुख्यमंत्री से मीटिंग का समय और दिन निर्धारित होने के बावजूद वहां से उतरने से मना कर दिया है। टीचरों की मांग है कि जब तक उनको सीएम से मीटिंग का लेटर नहीं मिलता, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे।
ईटीटी- टेट पास बेरोजगार टीचर यूनियन के स्टेट प्रेसिडेंट अमरजीत सिंह कंबोज ने बताया कि सेक्टर 3 पुलिस स्टेशन की एसएचओ पूनम दिलावरी ने पंजाब सीएम कार्यालय में बात कर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से 26 नवंबर शाम पांच बजे की उनकी मीटिंग तय की है। लेकिन अभी तक उनके पास इस बाबत कोई पत्र नहीं दिया गया है। इस कारण टीचर नीचे नहीं आ रहे हैं। अमरजीत ने बताया कि सोमवार को एसएचओ ने उनको मीटिंग का लेटर देने को कहा है। जब उनके हाथ में लेटर आ जाएगा उसके बाद एक टावर पर चढ़े दो महिलाओं समेत तीन टीचर नीचे उतरेंगे। वे भी सोमवार को ही नीचे आएंगे। बाकी दोनों टीचर राकेश व दीपक पंजाब भवन के टावर से तभी उतरेंगे जब सीएम उनको पक्की नौकरी का आश्वासन दे देंगे।
इस बीच, पिछले 3 नवंबर की रात तीन बचे से चढ़े टावर पर दीपक की तबियत काफी खराब बताई जा रही हैं। तबियत खराब होने के बावजूद उसने डाक्टरी जांच करवाने से मना कर दिया है।