पर्यावरण नियमों की अवहेलना करने पर चंडीगढ़ के एक बड़े कॉमर्शियल कांप्लेक्स बर्कले स्क्वॉयर को एस्टेट कार्यालय ने सील कर दिया है। चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (सीपीसीसी) की संस्तुति पर कार्रवाई के दौरान कांप्लेक्स में हड़कंप मच गया।
बर्कले स्क्वॉयर के निदेशकों पर 3.75 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इस बारे में सीपीसीसी सदस्य सचिव टीसी नौटियाल की ओर से बीते गुरुवार को एक नोटिस जारी किया गया था। चंडीगढ़ के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह के अनुसार सीपीसीसी के निर्देश पर उपमंडलाधिकारी ने बर्कले बिल्डिंग को सील किया। शुक्रवार को एस्टेट ऑफिस की ओर से प्रवीण मित्तल और अनिल नारद की टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें: छात्र संघ चुनाव: पंजाब यूनिवर्सिटी में अध्यक्ष पद के नौ दावेदार, चारों पदों में लड़कों को टक्कर देंगी लड़कियां
प्रवीण मित्तल ने बताया कि एसडीएम नीतिश सिंगला के आदेश पर बर्कले स्क्वॉयर के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया गया है। इस कॉमर्शियल कांप्लेक्स के पास पर्यावरण क्लीयरेंस नहीं थी, जिसे लेकर प्रबंधकों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर संपदा कार्यालय ने इस बहुमंजिला भवन को सील कर दिया।
इमारत में हैं कई कार्यालय
इस बहुमंजिला इमारत में ह्यूंडई के शोरूम समेत कई निजी कंपनियों के कार्यालय संचालित होते हैं। भवन मालिकों की ओर से पर्यावरण के मानदंडों की लंबे समय से अवहेलना की जा रही थी, जिसे लेकर यह कार्रवाई की गई। सूत्रों के मुताबिक बर्कले स्क्वॉयर में जो जगह पार्किंग के लिए चिह्नित की गई है, उस जगह पर सर्विस स्टेशन चलाया जा रहा है। इसके अलावा कई अन्य मामलों में भी पर्यावरण निमयों का उल्लंघन सामने आया है।