दिनांक - 29 अप्रैल
बापूधाम फेज-1 के वेंडरों की ग्रेन मार्केट में एंट्री बैन
फेज-2 के वेंडरों को राहत, पहचान पत्र और पास दिखाने के बाद मिलेगा प्रवेश
कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद एहतियातन मार्केट कमेटी ने लिया निर्णय
अभिषेक वाजपेयी
चंडीगढ़। बापूधाम कालोनी में बढ़ती कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए अब कालोनी के फेज-1 के वेंडरों की ग्रेन मार्केट में एंट्री बैन कर दी गई है। फेज-2 के वेंडरों को राहत देते हुए उनके लिए मार्केट कमेटी की ओर से आईकार्ड और पास को अनिवार्य कर दिया गया है। इनको दिखाने के बाद ही अब ग्रेन मार्केट में प्रवेश कर पाएंगे।
चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इन मरीजों में बापूधाम कालोनी के लोगों की संख्या में दो दिनों से लगातार वृद्धि हुई है। ग्रेन मार्केट में कार्य करने के लिए 70 प्रतिशत स्टाफ और वेंडर बापूधाम कालोनी से आते हैं। एहतियात के तौर पर मार्केट कमेटी की ओर से संक्रमण के कारण सील की गई बापूधाम कालोनी के फेज-1 के वेंडरों की एंट्री ग्रेन मार्केट में बैन कर दी गई है। हालांकि फेज-2 के वेंडरों को थोड़ी राहत देते हुए निर्णय लिया है। इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही न हो इसके लिए कमेटी की तरफ से भी कर्मचारियों की ग्रेन मार्केट के गेटों पर तैनाती की गई है।
मार्केट कमेटी के सचिव जरनैल सिंह मावी ने बताया कि बापूधाम कालोनी फेज 1 से ही अधिकतर कोरोना पॉजिटिव केस आ रहे हैं, जबकि फेज 2 से नहीं। इस वजह से एहतियातन फैसला लिया गया है।
कुछ आढ़तियों ने डर के कारण आना किया बंद
बापूधाम में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद आढ़तियों और रिटेल व्यापारियों में भी खौफ का माहौल है। संक्रमण के खतरे को देेखते हुए कुछ बड़े आढ़तियों ने ग्रेन मार्केट में आना बंद कर दिया है। आढ़तियों ने बताया कि जो भी स्टाफ उनके यहां आता है वह बापूधाम कालोनी का है। जहां संक्रमण अधिक है। इस कारण एहतियातन उन्होंने मंडी में आना बंद किया है।
शुरू हुई हेल्थ स्क्रीनिंग
बापूधाम के फेज-2 से आने वाले वेंडरों की हेल्थ स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसके लिए पूरी तैयारियां की गई हैं। संक्रमण के प्राथमिक लक्षण वाले वेंडर्स को एहतियात के तौर पर विभागीय अधिकारियों की देखरेख में क्वारंटीन किया जाएगा।