प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी की दाखिला प्रक्रिया सोमवार से शुरू होने जा रही है। सेक्रेड हार्ट पब्लिक स्कूल-26 और स्ट्रॉबरी फील्ड प्ले स्कूल-24 में दाखिले के लिए एडमिशन फार्म सोमवार से स्कूल वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके अलावा अन्य प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन के लिए मंगलवार से एडमिशन फॉर्म स्कूल वेबसाइट से डाउनलोड होंगे। कई स्कूलों के एडमिशन फॉर्म स्कूल में रिसेप्शन काउंटर से भी मिलेंगे। सभी स्कूलों में एडमिशन के लिए फॉर्म मुफ्त में उपलब्ध रहेगा।
शिक्षा विभाग ने प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी दाखिले के लिए कॉमन शेड्यूल तैयार किया है। इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सभी प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपल के साथ बैठक हुई थी। बैठक में तय हुआ था कि 3 से 16 दिसंबर तक दाखिला फॉर्म स्कूलों की वेबसाइट से डाउनलोड कर जमा कराने होंगे। किस कक्षा के लिए विद्यार्थी की उम्र कितनी होनी, यह जानकारी भी स्कूल वेबसाइट पर उपलब्ध है। परिजन एडमिशन संबंधी जानकारी संबंधित स्कूल की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा वेबसाइट पर स्कूलों ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
शिक्षा निदेशक रूबिंदरजीत सिंह बराड़ ने बताया कि शहर के सभी प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी दाखिला प्रकिया कैसी होगी, कब से शुरू और कब खत्म होगी, दाखिला फीस, ड्रॉ कब निकाले जाएंगे आदि शेड्यूल 2 दिसंबर तक स्कूल वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। उन्होंने कहा कि परिजनों को परेशानी न हो इसके लिए कॉमन शेड्यूल तैयार किया गया है।
ये होंगी दाखिला की मुख्य तारीखें
- दो दिसंबर को सभी प्राइवेट स्कूलों को दाखिला प्रक्रिया की सभी जानकारी वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर लगानी होगी।
- 3 से 16 दिसंबर तक दाखिला फॉर्म डाउनलोड कर स्कूलों में जमा कराने होंगे।
- चयनित विद्यार्थियों की सूची 16 जनवरी 2020 को प्रदर्शित की जाएगी। 16 से 31 जनवरी के बीच ड्रॉ निकाले जाएंगे।
- 31 जनवरी से 12 फरवरी 2020 तक चयनित विद्यार्थियों को फीस जमा करवानी होगी।
अभिभावक इन बातों का रखें ख्याल
- एडमिशन फॉर्म जमा करते समय 100 रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी।
- विद्यार्थी की 3 पासपोर्ट साइज फोटो और अभिभावकों (माता-पिता) की एक-एक पासपोर्ट साइज फोटो लेगेगी।
- आवास प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी और ओरिजनल कॉपी साथ ले जानी होगी।
- विद्यार्थी के जन्म प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी और ओरिजनल कॉपी साथ ले जानी होगी।
- एडमिशन फॉर्म डाउनलोड करने या स्कूल से लेने प्राप्त करते समय कोई शुल्क नहीं लगेगा।
इन स्कूलों ने जारी किया शेड्यूल
स्कूल कब जमा होंगे फार्म एडमिशन फीस सीट
सेक्रेड हार्ट-26 11 से 16 दिसंबर, सुबह 9 से 10 बजे 25,000/- 160
सेंट पीटर्स 03 से 16 दिसंबर 15,000/- 25
डीपीएस-40 03 दिसंबर से 16 दिसंबर 38,600/- 150
स्ट्रॉबरी फील्ड्स-26 13 व 14 दिसंबर, दोपहर ढाई बजे से 4 बजे तक 34,900/- -
सेंट जेवियर्स 03 दिसंबर से 16 दिसंबर 32,000/- 180
नोट : डीपीएस-40 में 3 से 7 दिसंबर तक सुबह 8.30 से 10.30 बजे तक और 9 दिसंबर से 16 दिसंबर तक सुबह 9.30 से 12.30 बजे तक एडमिशन फॉर्म जमा होंगे।