चंडीगढ़। औद्योगिक क्षेत्र में कई प्वाइंट ऐसे हैं जो कि अब खतरनाक हो चुके हैं। इन प्वाइंट्स पर एक्सीडेंट भी होते हैं और ट्रैफिक जाम भी लगते हैं। इसी वजह से चंडीगढ़ के उद्यमी इन प्वाइंट्स पर लाइट्स और व्यू मिरर लगाने की मांग कर रहे हैं जिससे कि हाई स्पीड में गुजरने वाले ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा सके।
दो जगह टी पॉइंट हैं यहां
रामदरबार से और इंडस्ट्रियल एरिया से आने वाले ट्रैफिक के लिए रामदरबार इंट्री पॉइंट के पास दो टी पॉइंट्स बनते हैं। यहां जाम भी लगता है और एक्सीडेंट भी होते हैं, जिसकी वजह से यहां पर कई बार लाइट पॉइंट बनाने को कहा गया है।
कालीबाड़ी के सामने वाला मोड़
सेक्टर-47 से कालीबाड़ी की ओर आने वाले ट्रैफिक की इंडस्ट्रियल एरिया में इंट्री के लिए यह रास्ता बनाया गया था। यह पहले वन वे था पर अब यहां से ट्रैफिक जाता भी है और आता भी है। इसकी वजह से समस्याएं शुरू हो चुकी हैं। यहा एक्सीडेंट का खतरा रहता है।
रामदरबार रोड और टी पॉइंट
इंडस्ट्रियल एरिया की ओर रामदरबार आने वाली सड़क पर चार मोड़ ऐसे हैं जिसमें से ट्रैफिक निकलता है। इसमें न तो किसी में व्यू मिरर लगा है न ही लाइट्स। इसमें कई जगह लाइट्स लगाने के लिए प्रशासन को लिखा भी गया है।
क्या कहते हैं लोग
इंडस्ट्रियल एरिया में कई खतरनाक मोड़ चिन्हित किए हैं, जिसमें लाइट्स लगाने की अत्यंत आवश्यकता है। प्रशासन से आग्रह भी किया गया है कि इन पॉइंट्स पर लाइट्स लगवाई जाएं। -जरनैल सिंह
कालीबाड़ी मंदिर के सामने से औद्योगिक क्षेत्र में इंट्री प्वाइंट काफी खतरनाक है। यहां प्रशासन द्वारा इंट्री प्वाइंट पर व्यू मिरर लगाया गया है जबकि यहां पर व्यू मिरर की जगह पर लाइट्स लगानी चाहिए। जिससे यहां से जाने वाले लोग सावधान रहें। -संजीव
कालीबाड़ी मंदिर से निकलने वाला रास्ता ज्यादा खतरनाक है। यहां एक ओर से रामदरबार की ओर से ट्रैफिक आ रहा है और दूसरी ओर कालीबाड़ी से सीधा आने वाला रास्ता भी यहीं खुलता है। रामदरबार की ओर से काफी तेज ट्रैफिक आता है। यहां लाइट्स की मांग काफी समय से की जा रही है। -राकेश बंसल