हरियाणा में सख्ती के बावजूद ओवरलोडिंग वाहन बेलगाम सड़कों पर दौड़ रहे हैं और हादसों को न्यौता दे रहे हैं। हालांकि हरियाणा सरकार और पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर शिंकजा कसने को गंभीर है, मगर ये चालक भी नियमों को ताक पर रख, बेखौफ ओवरलोडिंग वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
पिछले पांच साल में 1,87,930 ओवरलोडिंग वाहनों के चालान किए गए और उनसे 4.39 अरब से अधिक राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई। मगर इतनी सख्ती के बावजूद भी वाहन चालक नहीं मान रहे हैं। उधर, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के अनुसार ओवरलोडिंग वाहनों पर और सख्ती के लिए संबंधित अथॉरिटी को निर्देश दिए गए हैं। विभिन्न जगहों पर नाकेलगाकर इनके चालान कर अच्छा-खासा जुर्माना ठोका जा रहा है। सरकार इस मामले पर पूरी तरह से गंभीर है।
केस दर्ज करवा गिरफ्तारियां भी हुई
सरकार ने पिछले दिनों ओवरलोडिंग वाहनों के मामले में केस दर्ज कर पांच लोगों की गिरफ्तारी की है। 18 मई, 2019 को रोहतक जिला के सांपला थाना में रवींद्र उर्फ काला व सुरेंद्र राठी के खिलाफ ओवर लोडिड वाहनों के चालकों, मालिकों से अवैध वसूली करके डस्ट, रेती ,रोड़ी के वाहनों को जिला दादरी, नारनौल, झज्जर, रोहतक, भिवानी व सोनीपत से बिना चालान क्रॉस करवाने के आरोप में केस दर्ज किया गया था।
इस मामले की जांच का जिम्मा रोहतक के सहायक पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद को सौंपा गया है। जांच के दौरान इस अभियोग में आरोपी पाए गए पांच लोगों मनीष मदान, रवींद्र उर्फ काला, सुरेंद्र राठी, अमित, कुलदीप व सुरेश को गिरफ्तार भी किया गया।