अगले साल विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा अब पंजाब में विशेष सर्वे कराएगी। हालांकि, पार्टी ने कुछ समय पहले ही सर्वे कराया था, लेकिन पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद केंद्रीय नेतृत्व काफी उत्साहित है। वह नए सिरे से पंजाब की नब्ज टटोलना चाहता है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह खुद इस सर्वे में दिलचस्पी ले रहे हैं। वह विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करने से पहले अंतिम रणनीति तय करना चाहते हैं। भाजपा ने कुछ महीने पहले ही पंजाब में सर्वे कराया था। इसके नतीजे पार्टी के लिए बेहद निराशाजनक थे। पार्टी को बहुत कम सीटें मिलती नजर आ रही थीं। डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने भी सर्वे कराया था, उसमें भी भाजपा विधायकों केहलकों के हालात ज्यादा अच्छे नहीं थे, लेकिन पांच राज्यों के चुनाव नतीजे आने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह नए सिरे से पंजाब के हालात का जायजा लेना चाहते हैं। उन्होंने पंजाब के कुछ नेताओं से फीडबैक भी लिया है।
पार्टी का मानना है कि भाजपा के पक्ष में आए नतीजों से देश भर में मतदाताओं की सोच पार्टी के प्रति सकारात्मक होगी। सूत्रों के मुताबिक दो निजी कंपनियों को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सर्वे में दोनों बातों पर फीड बैक लिया जाएगा। अगर पार्टी शिअद के साथ गठबंधन में लड़ती है तो उसकी क्या स्थिति होगी। अगर पार्टी अकेले चुनाव लड़ती है तो वोटरों का रुझान क्या रहेगा।
गौरतलब है कि पार्टी वर्कर लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि भाजपा को अकेले चुनाव लड़ना चाहिए। सर्वे के आधार पर ही पार्टी चुनावी गठबंधन को लेकर भी नए सिरे से फैसला कर सकती है। ज्यादा सीटों की मांग भी की जा सकती है। पंजाब में मजबूत दलित वोट बैंक को अपने पक्ष में करने के मकसद से पहले ही भाजपा ने केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला को सूबे की कमान सौंपी है। सांपला लगातार वर्करों का हौसला बढ़ाने में लगे हुए हैं।
आज संगठन महामंत्री करेंगे बैठक : भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल सोमवार को चंडीगढ़ आएंगे। वह पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ केपार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। जानकारी के मुताबिक 21 जून को चंडीगढ़ में योग दिवस मनाया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिस्सा लेंगे। उनके कार्यक्रम की तैयारी केे सिलसिले में राम लाल यहां के पदाधिकारियों केे साथ बैठक करेंगे।