सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट में अतिक्रमण हटाने गए मार्केट कमेटी के कर्मचारियों पर लगातार दूसरे दिन फड़ी वालों ने हमला कर दिया। डंडों से की गई पिटाई से कमेटी के तीन कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट फड़ी वालों ने अवैध कब्जा कर रहा है। इस पर मार्केट कमेटी के कर्मचारी शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंचे।
इस पर उनकी फड़ी वालों से बहस हो गई और देखते ही देखते फड़ी वालों ने कर्मचारियों पर डंडों से हमला कर दिया। इसमें कर्मवीर, धीरज कुमार और बलजिंद्र घायल हो गए।
घायलों को सेक्टर-26 के अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत पर सेक्टर-26 पुलिस ने रिर्पोट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि वीरवार को भी अतिक्रमण हटाओ दस्ते पर आलू और प्याज फेंकर हमला किया गया था। मालूम हो कि हाईकोर्ट के आदेश पर मंडी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है।
मार्केट कमेटी के सुपरवाइजर राजेंद्र कुमार ने बताया कि दोपहर को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। दस्ता जब कार्रवाई करके वापस लौट रहा था तो कमेटी कार्यालय के पास कुछ लोगों ने कमेटी के कर्मचारियों पर डंडो से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए है।