चंडीगढ़। सीबीएसई की ओर से दसवीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित करने की बाद अगले हफ्ते से शहर के सरकारी स्कूलों में ग्यारहवीं कक्षा में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दाखिला प्रक्रिया सेंट्रलाइज्ड होगी। स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने बताया कि वेबसाइट पर प्रॉस्पेक्टस अपलोड कर दिया गया है। पोर्टल की टेस्टिंग भी कर चुके हैं।
निदेशक एचपीएस बराड़ ने बताया कि सीबीएसई की ओर से दसवीं की मार्कशीट्स को इंटीग्रेट करने के बाद पोर्टल को पब्लिक के लिए ओपन किया जाएगा। अब दसवीं का परिणाम आ गया है तो एक-दो दिन में यह प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद हम प्रॉस्पेक्टस को जनता के लिए ऑनलाइन उपलब्ध करवा देंगे। इस बार प्रॉस्पेक्टस फीस में 20 रुपये की वृद्धि की गई है। पिछले साल तक यह फीस 130 रुपये होती थी। इस बार इसे बढ़ाकर 150 रुपये कर दिया गया है। रजिस्ट्रेशन फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी। इसे विद्यार्थी डेबिट या क्रेडिट कार्ड से अदा कर सकते हैं। सत्र 2022-2023 में शहर के 42 सरकारी स्कूलों में लगभग 13,555 सीटों पर ग्यारहवीं कक्षा के लिए दाखिला प्रक्रिया करवाई जाएगी।
इस बार छात्रों को साइबर कैफे के नहीं काटने पडे़ंगे चक्कर
इस बार सरकारी स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को साइबर कैफे के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। शिक्षा निदेशक की ओर से स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं कि स्कूल अपने बच्चों का ग्यारहवीं में दाखिले का आवेदन फॉर्म भरेंगे। इसके साथ ही छात्रों को उनकी रुचि के अनुसार आगे ग्यारहवीं के विषय चुनने के लिए स्कूल की ओर से काउंसलिंग भी की जाएगी जिससे बच्चे अपनी पसंद की स्ट्रीम का चयन कर सकें। हर साल साइबर कैफे में भीड़ होने के कारण कई बार बच्चा आवेदन फॉर्म में गलतियां कर देता था। अब इसकी संभावना कम होगी। दाखिले के लिए पसंद के पांच स्कूलों का विकल्प देना होगा। दसवीं के अंकों के आधार पर मेरिट के अनुसार दाखिला मिलेगा।
कोट्स...
इस बार नहीं बढ़ा रहे सीटें
ग्यारहवीं के दाखिले में इस बार शहर के सरकारी स्कूलों में पिछले सत्र के समान ही सीटें रहेंगी। शिक्षकों की कमी को देखते हुए सीटों में इजाफा नहीं किया जा रहा है। अगले हफ्ते तक दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू कर दी जाएगी। -हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़, शिक्षा निदेशक