चंडीगढ़। गांव धनास में बिजली व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एलटी बेयर वायर को एलटी केबल में बदलने का काम शुरू हो गया। इस काम का शुभारंभ एरिया पार्षद कुलजीत सिंह संधू ने किया। इस काम पर करीब 2 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस कार्य के तहत गांव धनास सहित वार्ड नंबर-14 के अंतर्गत आने वाली चमन कॉलोनी, अमन कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी और मिल्क कॉलोनी में करीब 40 वर्ष पुरानी बिजली तारों को बदला जाएगा। साथ ही क्षेत्र में नए ट्रांसफॉर्मर भी लगाए जाएंगे, जिससे लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।
कुलजीत सिंह संधू ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद हजारों निवासियों को बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है।