हरियाणा में बिजली विभाग ने बिजली चोरों पर बड़ी कार्रवाई की है। पूरे प्रदेश में दिनभर चले अभियान के तहत 20 हजार स्थानों पर चेकिंग की गई। इनमें से 3005 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। कुल 6.5 मेगावाट की बिजली चोरी के मुकाबले 9.82 करोड़ रुपये का जुर्माना ठोका गया है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में सबसे अधिक एक-एक करोड़ रुपये से अधिक की बिजली चोरी पकड़ी गई है।
शुक्रवार अलसुबह शुरू हुआ चेकिंग अभियान देर रात तक जारी रहा। कुल 495 टीमों ने एक साथ चेकिंग शुरू, सुरक्षा की दृष्टि से टीमों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। उत्तर हरियाणा और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के सभी जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। देर रात तक टीमों ने कुल 19789 स्थानों पर छापा मारा।
खासकर फैक्ट्री, दुकानें और शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ घरेलू उपभोक्ता भी टीमों के निशाने पर रहे। उत्तर हरियाणा बिजली निगम की कुल 252 टीमों ने 13929 स्थानों पर चेकिंग की गई और 1719 स्थानों पर चोरी पकड़ी। यहां 3.6 मेगावाट बिजली चोरी पकड़ी।
चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर 4.87 करोड़ रुपये का जुर्माना किया गया। इसी प्रकार, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की 243 टीमों ने 5860 स्थानों पर छापेमारी की और 1286 जगहों पर चोरी पकड़ी। 2.9 मेगावाट की चोरी के बदले 4.94 करोड़ रुपये का जुर्माना किया है।