हरियाणा में सितंबर माह में संभावित पंचायती चुनावों को लेकर हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार हरियाणा में 23 ग्राम पंचायतें अधिक होंगी। पिछली बार कुल 6205 ग्राम पंचायतें थीं, जिनकी संख्या बढ़कर अब 6228 हो गई है। हालांकि, अभी तक सिसाय, बास को नगर पालिका से दोबारा से ग्राम पंचायत बनाने और हेली मंडी और पटौदी को नगर पालिका से नगर परिषद बनाने के लिए आसपास के 10 गांवों में इसमें शामिल करने का प्रस्ताव है। चुनाव से पहले इनके फाइनल होने के बाद ही कुल ग्राम पंचायतों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आयोग के अनुसार, हरियाणा में इस बार 71741 पदों पर चुनाव होने हैं। इनमें 6228 सरपंच, 62022 पंच, ब्लाक समिति के 30380 और जिला परिषद के 411 पदों पर चुनाव होना है। सबसे अधिक ग्राम पंचायतें यमुनानगर में जिले में 490 हैं और सबसे कम फरीदाबाद जिले में 100 हैं।गौरतलब है कि आयोग ने फैसला लिया है कि इस केवल पंच के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे और सरपंच, ब्लाक समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के चुनाव के लिए मतदाताओं को ईवीएम का बटन दबाना होगा। पिछली बार पंचकूला और रेवाड़ी में इसका प्रयोग किया गया था और वह सफल रहा था। इन दोनों जिलों में केवल पंच के चुनाव बैलेट पेपर से हुए।
स्थापित होंगे 14 हजार बूथ, 50 हजार ईवीएम मशीनें तैयार
पहली बार प्रदेश में 500 वोटों के स्थान पर 1000 वोटों पर एक बूथ बनाने की योजना है। अनुमान है कि प्रदेश में 14 हजार बूथ बनाएंगे। तीनों पदों के लिए 42 हजार ईवीएम मशीनों की जरूरत होगी, जबकि शेष मशीनें से कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस समय आयोग के पास करीब 73 हजार ईवीएम मशीनें स्टॉक में हैं।