हरियाणा में एनसीआर के शहरी बिजली उपभोक्ता अपना घर का बिल नहीं भर रहे हैं। बिल न भरने वालों में फरीदाबाद सर्किल अव्वल नंबर पर है।
दूसरे नंबर पर गुड़गांव, तीसरे पर हिसार, चौथे नंबर पर सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गृह शहर रोहतक और पांचवें पानीपत है। हरियाणा के 14,70,712 घरेलू उपभोक्ता इस समय बिल नहीं भर रहे हैं।
सूबे में उपभोक्ताओं की तरफ करीब 4850 करोड़ रुपये के बिल बकाया हैं। इनमें घरों के बिलों का बकाया 3586 करोड़ रुपये है। यानी बकाया बिलों का आधा घरेलू बिजली खर्च का है। इसमें गांवों के घरेलू उपभोक्ताओं की तरफ 3108 करोड़ रुपये बकाया हैं।
ग्रामीण उपभोक्ता भी नहीं भरते बिल
गांवों के अधिकतर उपभोक्ता बिल ही नहीं भर रहे हैं। हरियाणा के शहरी उपभोक्ताओं की तरफ बिजली बिलों का 478 करोड़ रुपये बकाया है। सरकारी विभागों, निगमों की तरफ 449 करोड़ रुपये के बिल बकाया हैं।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के 4,64,288 ग्रामीण घरेलू उपभोक्ता बिजली बिल नहीं भर रहे हैं। उनकी तरफ 1018 करोड़ रुपये का बिल बकाया हैं। उत्तर हरियाणा के 1,32,701 शहरी उपभोक्ता बिल नहीं भर रहे हैं और उनकी तरफ 130 करोड़ रुपये बकाया हैं। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की स्थिति बेहद नाजुक है।
दक्षिण हरियाणा में 6,21,603 ग्रामीण घरेलू उपभोक्ता बिल नहीं भर रहे हैं। उनकी तरफ निगम का 2090 करोड़ रुपये बकाया है। इस निगम के 2,52,120 शहरी उपभोक्ता घर का बिल नहीं भर रहे हैं। उनकी तरफ 348 करोड़ रुपये के बिल बकाया हैं।
शहरी उपभोक्ताओं की तरफ इतना बकाया
फरीदाबाद सर्किल के शहरी घरेलू उपभोक्ताओं की तरफ 140.63 करोड़ रुपये के बिल बकाया हैं। वे बिल नहीं भर रहे हैं। गुड़गांव के शहरी घरेलू उपभोक्ता 83.02 करोड़ रुपये, भिवानी के उपभोक्ता 44.69 करोड़ रुपये, हिसार के उपभोक्ता 35.83 करोड़ रुपये, रोहतक के 33.38 करोड़ रुपये, पानीपत के उपभोक्ता 29.91, जींद के 26.17 करोड़ रुपये के बिल नहीं भर रहे हैं।
इसके अलावा सिरसा के उपभोक्ताओं की तरफ 6.13, रेवाड़ी के उपभोक्ताओं की तरफ 5.25, नारनौल सर्किल में 6.39, कैथल में 6.39, कुरुक्षेत्र में 4.35, यमुनानगर में 11.24, करनाल में 14.20, अंबाला में 9.46, सोनीपत में 11.78, झज्जर में 14.75 करोड़ रुपये के बिल बकाया हैं।
गांवों में इतने रुपये के बिल बकाया
जींद सर्किल में गांवों के घरेलू उपभोक्ताओं की तरफ सबसे ज्यादा बकाया है। यहां के उपभोक्ताओं की तरफ 803.30 करोड़ रुपये के बिल बकाया हैं। हिसार के गांवों में घरों का बिल 472.28, भिवानी में 443.85, रोहतक में 314.46, कैथल में 237.47 करोड़ रुपये बकाया है।
झज्जर में 140.00, फरीदाबाद में 116.05, सोनीपत में 113.67, गुड़गांव में 91.53, नारनौल में 84.81, करनाल में 83.39, पानीपत में 76.85, झज्जर में 61.92, रेवाड़ी में 57.76, यमुनानगर में 43.63, अंबाला में 21.20, सिरसा में 20.36 करोड़ रुपये के बिल बकाया हैं। सबसे कम बकाया कुरुक्षेत्र जिले के गांवों के घरेलू उपभोक्ताओं की तरफ 13.90 रुपये के बिल बकाया हैं।
ये कहते हैं बिजली मंत्री
बिल न भरने वालों का हम कनेक्शन काटते हैं। अब चुनाव आ रहे हैं ऐसे में सख्ती भी नहीं की जा सकती। सख्ती हम पहले ही कर चुके हैं। बिल वसूलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-कैप्टन अजय यादव, बिजली मंत्री, हरियाणा सरकार