हरियाणा में एसएमएस के माध्यम से बिजली संबंधी शिकायतें दर्ज होने की सुविधा उपलब्ध होने से दक्षिण और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रणाली पांच टियर हो गई है।
निगमों के प्रबंध निदेशक अनुराग अग्रवाल ने बताया कि जैसे ही उपभोक्ता की शिकायत प्रणाली पर प्राप्त होगी तो उसे एसएमएस में दिए लेखा नंबर के आधार पर पहचान कर संबंधित अधिकारी को भेजा जाएगा।
इसके साथ ही प्रणाली शिकायतकर्ता को शिकायत प्राप्ति की पावती एसएमएस द्वारा वापस भेजेगा। उसे शिकायत नंबर भी भेजेगा और समाधान के पहले से तय मानकों के आधार पर शिकायत निवारण में लगने वाले समय की सूचना दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि निगमों ने बिजली के नए कनेक्शन लेने के लिए ऑनलाइन फार्म जमा करवाने की सुविधा शुरू कर दी है। सुविधा के पहले चरण में, औद्योगिक श्रेणी के और अन्य सभी दूसरी श्रेणियों के उपभोक्ता जिनके कनेक्शन का लोड 20 किलोवॉट या इससे ऊपर है, आवेदन करने के योग्य हैं। नए बिजली कनेक्शन के लिए संबंधित दस्तावेज निगमों की वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।