चंडीगढ़। बिजली विभाग कार्यालय की ओर से मलोया कॉलोनी में उपभोक्ताओं को भुगतान तिथि वाले दिन बिल भेजे जा रहे हैं। इससे विभाग की गलती का उपभोक्ताओं को पेनल्टी के रूप में नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति रोष है। चंडीगढ़ युवा दल ने चंडीगढ़ प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा को पत्र लिखकर पेनल्टी माफ करने या फिर बिल की तिथि बढ़ाने की मांग की है।
भुगतान तिथि वाले दिन आए बिलों के बारे में चंडीगढ़ युवा दल के प्रधान विनायक बंगीया व संजोयक मलोया निवासी सुनील यादव ने बताया कि बिलों की तिथि वाले दिन बिल पहुंचाने की गलती विभाग की है, इसलिए उपभोक्ताओं के बिलों की पेनल्टी माफ की जाए या फिर इन बिलों की भुगतान तिथि बढ़ाई जाए, ताकि विभाग की गलती का खामियाजा उन्हें न भुगतना पड़े। चंडीगढ़ युवा दल ने सलाहकार से मांग की है शहर की इस समस्या का तुरंत प्रभाव से समाधान किया जाए और संबंधित अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।