अब बिजली के बिल के लिए लंबी-लंबी कतारें लगाना और घंटों का इंतजार करना गुजरे जमाने की बात हो जाएगी। बिजली विभाग इसके लिए एक नई व्यवस्था ला रहा है। चंडीगढ़ इलेक्ट्रिक डिपार्टमेंट अपने उपभोक्ताओं को अब भारत क्यूआर कोड के माध्यम से भी बिल भुगतान की सुविधा देने जा रहा है। इसके तहत उपभोक्ता बिजली बिल पर उपलब्ध क्यूआर कोड को अपने मोबाइल फोन से स्कैन कर घर बैठे ही एप के जरिए बिल का भुगतान कर सकेंगे। इस सुविधा से जहां लोगों को बिल जमा करने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगने से छुटकारा मिलेगा, वहीं मोबाइल से तत्काल बिल जमा होने जानकारी भी मिल जाएगी।
मोबाइल में ऐसे काम करेगा ऐप
बिजली बिल अदायगी की सेवा में क्यूआर कोड का समावेश किया जाएगा। यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस से लिंक किया गया क्यूआर कोड बिजली बिल के साथ प्रिंट होकर ग्राहक को मिलेगा। ग्राहक इस क्यूआर कोड को अपने मोबाइल के भीम एप या किसी भी अन्य यूपीआई लिंक वाले बैंक एप से स्नैक कर आसानी से बिल का भुगतान कर सकेंगे। इसमें उन्हें किसी तरह के झंझट का सामना नहीं करना पड़ेगा। बिल का ब्योरा एप के ऊपर दिखाई देगा। इसके बाद ग्राहक कुछ ही सेकेंड में अपना भुगतान कर सकेंगे।
नवंबर तक शुरू हो जाएगी सुविधा
इस सुविधा से सिटी के करीब 1.20 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लंबी-लंबी लाइनों में लगने से निजात मिलेगी। बिजली बिलों पर दी जाने वाली यह देश की भारत क्यूआर कोड भुगतान सुविधा है। इस सुविधा का लाभ चंडीगढ़ सिटी, मनीमाजरा, इंडस्ट्रियल एरिया, धनास सहित दर्जनों इलाकों के उपभोक्ताओं को मिलेगा। अक्टूबर लास्ट या फिर नवंबर तक यह सुविधा यहां के लोगों के लोगों को मिलने लगेगी।
क्यूआर कोड की सुविधा जल्द ही सिटी के बिजली उपभोक्ताओं को मिलने लगेगी। इसकी प्रक्रिया डिपार्टमेंट स्तर पर तेजी से चल रही है।
-एमपी सिंह, एसी इलेक्ट्रिक डिपार्टमेंट, यूटी प्रशासन