राष्ट्रीय स्तर के बाद संगरूर लोकसभा क्षेत्र में भी मोदी बनाम राहुल बनाम केजरीवाल के दरमियान सियासी जंग होती दिख रही है। जहां भी नजर जाती है तो ऐसी सियासी तस्वीर नजर आ रही है।
तीनों दलों के प्रत्याशी अपने अपने दलों के तीनों दिग्गज नेताओं का प्रचार में खूब सहारा ले रहे हैं। बैनर, पोस्टर के अलावा सोशल साइट्स पर भी प्रत्याशी अपने साथ तीनों नेताओं की तस्वीरें डालकर मतदाताओं पर प्रभाव डालने का प्रयास कर रहे हैं।
चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है और सभी ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए प्रत्याशी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अकाली भाजपा गठबंधन जहां मोदी लहर को भुनाने का प्रयास कर रहा है वहीं कांग्रेस को राहुल गांधी और आम पार्टी को अरविंद केजरीवाल पर भरोसा है।
तीनों दलों के प्रत्याशी खुद की अपने पार्टी दिग्गजों के साथ नजदीकी दिखाकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए फ्लैक्स, बैनर, स्टीकर आदि के अलावा सोशल साइट्स का सहारा भी लिया जा रहा है।
अकाली भाजपा प्रत्याशी सुखदेव सिंह ढींढसा के फ्लैक्स बोर्डों पर केवल नरेंद्र मोदी और सीएम प्रकाश सिंह बादल के चेहरे दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा करीब एक माह पहले लुधियाना में हुई मोदी रैली के दौरान मोदी और ढींढसा की मुलाकात की तस्वीरें इन दिनों खूब धूम मचा रही हैं।
मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इन तस्वीरों के स्टीकर आदि बनाने के अलावा फेसबुक, वाट्सएप आदि के माध्यम से वोटरों तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है। मोदी के वीडियो और ऑडियो भी छाने लगे हैं।
कांग्रेस के प्रत्याशी विजयइंदर सिंगला भी पीछे नहीं हैं। सिंगला अपनी पार्टी के नेता राहुल गांधी का सहारा लेकर अपनी नैया पार लगाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके फ्लैक्सों में केवल राहुल गांधी की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। पोस्टरों पर भी राहुल गांधी की फोटो को तवज्जो की गई है। इसके अलावा सोशल साइट्स पर सिंगला की राहुल गांधी के साथ तस्वीरें डालकर मतदाताओं पर प्रभाव छोड़ने का प्रयास हो रहा है।
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी भगवंत मान को पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के अलावा पार्टी के चुनाव चिन्ह झाडू पर भी भरोसा है। उनके बैनरों पर केजरीवाल और झाड़ू की तस्वीरें नजर आ रही हैं। इसके अलावा सोशल साइट्स पर भी आम आदमी पार्टी पूरी तरह से सक्रिय है और केजरीवाल के वीडियो, तस्वीरें आदि डालकर मतदाताओं को अपनी तरफ खींचने की कोशिश हो रही है। मान, खुद के भाषणों को भी सोशल साइट्स पर डाल रहे हैं।