लोकसभा चुनाव के दिन लोगों एसएमएस से जानकारी मिलेगी कि मतदान केंद्र पर कितनी भीड़ है और कितनी देर बाद उनका नंबर आएगा।
मतदाताओं को लंबी लाइन से राहत देने के लिए यह सुविधा शुरू की जाएगी।
सेक्टर-42 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कालेज फार गर्ल्स (जीसीजी-42) में बुधवार को अमर उजाला की ओर से ‘मतदान का महत्व’ विषय पर आयोजित सेमिनार में एसडीएम (साउथ) और आरएलए कशिश मित्तल ने यह जानकारी दी।
कशिश मित्तल ने कहा कि चंडीगढ़ के चुनाव विभाग की ओर से पहली बार लोगों की सुविधा के लिए एसएमएस से जानकारी देने पर गंभीरता से विचार हो रहा है।
बहुत से लोग इसलिए भी मतदान के लिए नहीं आते कि उन्हें लगता है कि पोलिंग स्टेशन पर लंबी लाइन लगी होगी। हमेशा ऐसा नहीं होता। औसतन 1100 मतदाताओं पर एक केंद्र है और वोट डालने के लिए पूरा दिन। कब भीड़ कम है, इसकी जानकारी देने से मतदान प्रतिशत भी बढ़ेगा।
शहर के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अमर उजाला के अभियान ‘वोट की ताकत’ के तहत कालेज के मल्टीमीडिया हॉल में आयोजित किए इस सेमिनार में पीयू के सेंटर फॉर आईएएस एंड अदर कंपीटीटिव एग्जाम के निदेशक और यूसोल के प्रोफेसर आरके महाजन और ईवनिंग स्टडीज विभाग में राजनीति शास्त्र के प्रोफेसर और पूटा के पूर्व अध्यक्ष प्रो.मोहम्मद खालिद और चंडीगढ़ के ज्वाइंट चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर तिलक राज सहित अन्य ने भी संबोधित किया।
इस दौरान कालेज की प्रिंसिपल मनी बेदी, वाइस प्रिंसिपल सुष्मिता घोष, डीन डॉ.केपीएस शांते, कालेज के लोक प्रशासन के सहायक प्रोफेसर डॉ.नेमी चंद और युवसत्ता के संयोजक प्रमोद शर्मा भी मौजूद थे।
मंच का संचालन उमा महाजन ने किया। इससे पहले अमर उजाला के डिप्टी एडिटर श्यामा कांत दूबे ने बताया कि 2011 में नगर निगम चुनाव से पहले भी अमर उजाला ने शहर में बड़े स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया था।
इस अभियान का असर यह रहा था कि नगर निगम चुनाव में 59.3 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि इससे पहले यह प्रतिशत 30 से 45 के बीच रहता था।