लोकसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को रैलियां, चुनावी मीटिंगों, लाउड स्पीकरों, वाहनों के प्रयोग संबंधी कामों के लिए अब विभिन्न दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बल्कि यह सारा काम एक ही छत के नीचे होगा।
एआरओ के दफ्तरों में सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। जहां पर पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर काम होगा।
यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी तेजिंदर पाल सिंह सिद्धू ने शनिवार को दी। इस दौरान वह प्रबंधकीय कांप्लेक्स में विभिन्न राजनीति पार्टियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों व प्रशासन के विभिन्न विभाग के अधिकारियों की मीटिंग कर रहे थे।
उन्होंने विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से अपील की है कि वह किसी भी काम की मंजूरी संबंधी पहले विभाग को सूचना दें, ताकि उन्हें समय से मंजूरी मिल सके।
उन्होंने एआरओ को कहा कि वह मंजूरी देने का काम पहल के आधार पर करें। साथ ही उन्होंने राजनीतिक पार्टियों को चुनाव आचार संहिता की पालन करने का अनुरोध किया।
छह लाख 7 हजार 799 करेंगे मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मोहाली जिले में विधानसभा हलका मोहाली, खरड़ एवं डेराबस्सी में इस बार 6 लाख 7 हजार 799 वोटर मतदान करेंगे। चुनाव के लिए 685 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार वोटरों को लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। इसके लिए पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। किसी भी तरह की समस्या आने पर 1800-180-2099 पर कॉल करनी होगी। यह नंबर चौबीस घंटे चलेगा।
50 हजार से अधिक रकम का देना होगा सबूत
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चौकसी टीमों के इंचार्जों को हिदायत दी कि यदि कोई व्यक्ति 50 हजार से 10 लाख रुपये तक अपने साथ लेकर चलता है। साथ ही लगता है कि पैसा वोटरों के लिए प्रयोग होगा। तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। किसी को भी वे वजह परेशान न किया जाए।