जिला निर्वाचन अधिकारी टीपीएस सिद्धू ने कहा कि 30 अप्रैल को होने वाले लोकसबा चुनाव में ड्यूटी पर लगे अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी तनदेही से निभाएं। इस दौरान किसी भी प्रकार की ढील बर्दाशत नहीं की जाएगी।
उन्होंने शिवालिक स्कूल में रविवार को कराई गई चुनाव ड्यूटी में लगे अमले की रिहर्सल कराई और चुनाव प्रक्रिया के बारे में जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि जिले में पड़ते डेराबस्सी, खरड़ और मोहाली विधानसभा हलके में 688 पोलिंग बूथों पर 2752 चुनाव कर्मचारी ड्यूटी निभाएंगे।
हर पोलिंग बूथ पर प्रसाइडिंग ऑफीसर के साथ अल्टरनेटिव अधिकारी और दो पोलिंग अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। पोलिंग बूथों पर नजर रखने के लिए 54 सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बूथों पर कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए पंजाब पुलिस और होमगार्ड के जवान भी तैनात होंगे। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीन कुमार थिंद और एसडीएम लखमीर सिंह ने भी जानकारी दी।
शिवालिक स्कूल में जहां मोहाली विधानसभा हलके के चुनाव अमले की रिहर्सल हुई, वहीं खरड़ हलके की रिहर्सल रॉयल पैलेस खरड़ और डेराबस्सी की रिहर्सल पालम रिजार्ट जीरकपुर में हुई।