कार्यक्रम में पंजाबी बोलियां और तालियों की गूंज और गिद्दा प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुशील चंद्रा ने चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडे के साथ आज मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मतदाता जागरूकता वैन को राज्य में हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. एस करुणा राजू भी उपस्थित रहे।
शीर्ष पोस्टर को मिलेंगे 10 हजार का इनाम
आयोग ने जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान युवाओं को साथ जोड़ने के लिए एक ऑनलाइन पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता भी शुरू की। शीर्ष तीन पोस्टरों को क्रमश: 10000, 7500 और 5000 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। 2000 के 10 सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। यह प्रतियोगिता फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर करवाई जाएगी।
नए वोटरों को आयोग देगी विशेष किट
यह पहली बार है कि नए पंजीकृत मतदाताओं के लिए एक यादगार अनुभव बनाने के लिए आयोग द्वारा एक किट दी जा रही है, जिसमें ईपीआईसी कार्ड, वोटर वचनबद्धता, वोटर गाइड और डीईओ से एक व्यक्तिगत पत्र शामिल हैं। वोटर गाइड एक पॉकेट बुकलैट है, जिसको हर घर में बांटा जाएगा। ईवीएम, वीवीपीएटी पर एक विशेष पोस्टर लांच किया गया, जो राज्यभर में सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों और मतदान केंद्रों पर लगाया जाएगा।