मतगणना के दिन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में बने मतदान केंद्रों के आसपास भी प्रत्याशियों के समर्थक नहीं फटक पाएंगे। बोर्ड परिसर में आम लोगों की एंट्री पूरी तरह बैन रहेगी। पुलिस के लिए मतगणना से ज्यादा परिणाम के बाद प्रत्याशियों का विजय जुलूस ज्यादा चिंता का सबब बना है। इसके लिए दो डीएसपी व पुलिस फोर्स की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है ताकि शहर में कोई भी अप्रिय घटना ना हो।
19 अक्तूबर को मतगणना के लिए ट्रैफिक व्यवस्था बहुत कुछ पिछले लोकसभा चुनाव की मतगणना की तर्ज पर रहेगी। सेक्टर 13 मोड़ से खरकड़ी फाटक मोड़ तक का मार्ग वन-वे रहेगा। आम लोगों का इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके लिए सेक्टर 13 मोड़ पर ही पुलिस नाका लगाया जाएगा। इस मार्ग पर पड़ने वाली सभी दुकानों, रेहड़ियों, पेट्रोल पंप, चाय की दुकानों को भी बंद करने के निर्देश दिए गए है। हांसी, हिसार मार्ग के वाहनों को तोशाम बाईपास ओवरब्रिज के रास्ते ही भेजा जाएगा।
शिक्षा बोर्ड में भी लगेंगे नाके
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में एंट्री पर ही सभी की तलाशी ली जाएगी। इसके अलावा भी बोर्ड परिसर में तीन नाके लगाए जाएंगे। विधानसभा मतगणना केंद्रों के पास भी सुरक्षा में पैरामिल्ट्री फोर्स, हरियाणा आर्म्ड पुलिस, जिला पुलिस के जवान तैनात होंगे। मतगणना केंद्रों के अंदर भी सुरक्षा में जवान तैनात रहेंगे।
घोड़ा पुलिस करेगी गश्त
पुलिस पीसीआर के अलावा घोड़ा पुलिस भी मतगणना के दौरान गश्त करती नजर आएगी। सुबह छह बजे से घोड़ा पुलिस दो पार्टियां बनाकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोउऱ्, राजीव गांधी महिला कॉलेज में गश्त करेंगे।
सुरक्षा घेरे में निकलेगा विजय जुलूस
मतगणना परिणाम के बाद प्रत्याशियों द्वारा विजय जुलूस भी निकालना लाजिमी है और पुलिस को इसकी ज्यादा चिंता है कि जुलूस के दौरान कोई अप्रिय घटना हो। डीएसपी अमित भाटिया व रवींद्र कुमार के नेतृत्व में मतगणना के दौरान सुरक्षा में लगा तमाम सुरक्षा अमला विजय जुलूस के दौरान तैनात रहेगा। ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो।