पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और फिरोजपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ की ओर से प्रदेश सरकार के खिलाफ चुनाव आयोग को की गई शिकायत पर राज्य सरकार से जवाब तलब किया गया है।
जाखड़ ने गत शुक्रवार को अन्य कांग्रेस नेताओं सहित मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत को शिकायत दी थी कि प्रदेश में सत्ताधारी अकाली-भाजपा गठबंधन ने चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया।
इसके साथ ही चुनाव के दौरान कांग्रेस वर्करों पर झूठे मामले दर्ज किए गए। वहीं, सत्ताधारियों केखिलाफ कांग्रेस की शिकायतों को कूड़ेदान में फेंक दिया गया। उन्होंने मांग की थी कि कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज झूठे केस रद किए जाएं।
जाखड़ ने आयोग को एक सूची भी सौंपी थी, जिसमें कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज झूठे मामलों को ब्यौरा दिया गया। एक अन्य लिस्ट में ऐसे मामलों का ब्यौरा भी दिया गया है, जिसमें अकालियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
इस पर कार्रवाई करते हुए आयोग ने पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी है। उप मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. आलोक शुक्ला के अनुसार रिपोर्ट शीघ्र अति शीघ्र देने के निर्देश दिए गए हैं।