कैप्टन अमरिंदर सिंह की रैली के बाद मुुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने लंबी में पक्का डेरा जमा लिया है। सीएम लगातार चौथे दिन भी हलके के गांवों में चुनाव प्रचार करते नजर आए। हालांकि उनका चुनाव प्रचार का दौरा केवल दो दिन का था, मगर बीते बुधवार को लंबी में कैप्टन की रैली और रोड शो की वजह से सीएम ने तीसरे दिन भी प्रचार किया।
वहीं वीरवार को चौथे दिन भी बादल लंबी में ही डेरा डाले रहे। बादल किसी भी तरह से अपने विरोधी को कमजोर नहीं समझना चाहते। इसलिए हलके में चुनाव प्रचार बढ़ा दिया है। बादल ने वीरवार को चुनाव प्रचार के दौरान कैप्टन के रोड शो पर चुटकी लेते हुए कहा कि रोड शो करने से कभी वोट नहीं मिलते, बल्कि वोट लेने के लिए जमीन पर उतरकर मतदाताओं के बीच जाना पड़ता है। मतदाताओं की मुश्किलों को भली भांति समझना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कैप्टन रोड शो कर अपनी ताकत दिखा मतदाताओं पर राज करना चाहते हैं, मगर उन्होंने कभी रोड शो पर विश्वास नहीं किया। वह तो संगत दर्शन कर लोगों के बीच जाकर उनकी मुश्किलें सुनने में विश्वास रखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैप्टन कहते हैं कि कांग्रेस सरकार बनने पर उन्हें जेल भेजेंगे। अगर कैप्टन के आने से सूबे का हित होता है तो वह खुद ही जेल जाने को तैयार हैं।