संघर्ष पर चल रहे शिक्षा प्रोवाइडरों ने रविवार को एक बार फिर नेशनल हाईवे की रफ्तार रोक दी। खरड़ बस स्टैंड पर शिक्षा प्रोवाइडरों ने जाम लगा दिया, इस कारण हिमाचल, जम्मू और सूबे के अन्य इलाकों में जाने वाले लोग घंटों परेशान होते रहे।
हालांकि लोगों को परेशानी न हो, इसलिए पुलिस ने बलौंगी से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया था, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की घटिया मैनेजमेंट के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। दो मिनट का सफर तय करने के लिए लोग आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। यही हाल कुराली में भी रहा, जहां पर पुलिस ने कुराली से मोहाली, चंडीगढ़ जाने वालों को कुराली से सिंसवां टी प्वाइंट की ओर डायवर्ट कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक, बीते करीब एक साल से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे शिक्षा प्रोवाइडर यूनियन ने रविवार को छुट्टी वाले दिन खरड़ बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। यूनियन के प्रधान अजमेर सिंह औलख की अगुवाई में प्रदेश भर से आए शिक्षा प्रोवाइडरों ने जाम लगा दिया और सड़क पर बैठ गए। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शिक्षा प्रोवाइडरों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस कारण वहां से गुजरने वाले वाहन बीच में ही फंस गए। इसमें बाहरी राज्यों से आने और जाने वाली बसें भी शामिल थीं। जाम लगने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया।