शिक्षा मंत्री ओम प्रकाश सोनी व शिक्षा सचिव ने सीमावर्ती गांव बच्ची विंड के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल की सेवा काल में की वृद्धि तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई। शिक्षा मंत्री की ओर से स्कूल के किए गए औचक निरीक्षण के बाद जब प्रिंसिपल को कुछ सवालों के उत्तर देने के लिए कहा तो वह उत्तर नहीं दे पाए।
सोनी ने तत्काल प्रिंसिपल के सेवाकाल में की वृद्धि रद्द कर उन्हें घर भेज कर उनकी सेवाएं खत्म कर दीं। सोनी ने बताया की प्रिंसिपल से बच्चों को पढ़ाने जाने वाले पाठ के बारे में प्रश्न पूछे थे, जो वह नहीं बता पाए। सोनी ने बताया की शुक्रवार को सीमावर्ती गांवों के कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें भारत-पाकिस्तान सीमा के साथ सटे गांव सरंगरा, लोपोके, मोड़के व बच्ची विंड के सरकारी स्कूल शामिल हैं।
इनमें दिए जाने वाले मिड डे मील की जांच के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई, पीने के पानी, स्कूल की बिल्डिंग व बाथरूम की भी जांच की गई। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को 12वीं की परीक्षा का पहला दिन था। बता दें कि जिले में 31 हजार 989 स्टूडेंट्स रेगुलर व 869 स्टूडेंट्स ओपन स्कूलों में परीक्षा दे रहें है। इसके लिए जिले में 259 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। स्कूलों में नकल रोकने के लिए कई तकनीकी प्रबंध किये गए हैं।