बीकॉम कॉस्ट अकाउंटिंग के पेपर रिपीट मामले की पीयू प्रशासन गहराई से जांच करेगा। किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई उसका पता लगाया जाएगा। एसडी कॉलेज के शिक्षक को बीकॉम के पेपर रिपीट मामले में दोषी ठहराया गया, लेकिन इसमें पीयू ने भी कहीं न कहीं गलती की है। इसी को ध्यान में रखते हुए पीयू प्रशासन मंगलवार को होने वाली बैठक में ठोस निर्णय ले सकता है। सूत्रों के अनुसार पेपर सैट करने की पुरानी व्यवस्था को बहाल किया जा सकता है। अगर दूसरे विश्वविद्यालय के शिक्षक पेपर सैट करेंगे तो पेपर रिपीट के चांस नहीं भी रहेंगे।
मालूम हो पीयू के दिसंबर एग्जाम में बीकॉम कॉस्ट अकाउंटिंग का पेपर रिपीट हो गया। यही पेपर एसडी कॉलेज अपने मिड सेमेस्टर एग्जाम में विद्यार्थियों से पूछ चुका। प्रश्नपत्र एक ही होने के कारण मामला सार्वजनिक हो गया और हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक करानी पड़ी। इसमें एसडी कॉलेज के शिक्षक को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें चेतावनी दी गई। इसके बाद अमर उजाला ने प्रकाशित किया कि पीयू भी अपने स्तर से देखे कि गड़बड़ी कहां से हुई और कौन जिम्मेदार है? उसके बाद पीयू अपने अभिलेखों की जांच कराने की बात कर रहा है।