पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर की पत्नी के साथ बीते सोमवार सुबह हुई छेड़छाड़ की वारदात के बाद पीयू में भय का माहौल है। विश्वविद्यालय की शिक्षिकाएं और उनका परिवार अब इस बात से डरा हुआ है कि कहीं उनके साथ भी कोई अनहोनी न हो जाए। बता दें कि पीयू की शिक्षिकाएं और उनकी बेटियां रोजाना सुबह बॉटेनिकल गार्डन में टहलने के लिए जाती हैं।
कुछ शिक्षिकाओं का कहना है कि पीयू कैंपस शिक्षा का केेंद्र है, ऐसे में यहां पर छेड़छाड़ जैसी घटनाएं होंगी तो कैंपस का नाम खराब होगा। कैंपस में इस तरह की घटना निंदनीय है और यहां शिक्षिकाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। अगर समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो कैंपस में शिक्षिकाओं व लड़कियों का निकलना दूभर हो जाएगा।
शिक्षिकाओं का कहना है कि कैंपस के उत्तर व दक्षिण में बनी दीवार को ऊंचा किया जाए और उन पर कंटीले तार लगाए जाएं। साथ ही गार्डन के गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाए। वहीं, इस घटना की रजिस्ट्रार प्रो. करमजीत सिंह ने भी निंदा की है। साथ ही उन्होंने चीफ सिक्योरिटी अफसर से सुरक्षा के प्रबंध बेहतर रखने की अपील की है।
कैंपस में महिलाओं की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, जहां सुरक्षाकर्मी कम हैं, वहां और तैनात किए जाएंगे। साथ ही जहां सीसीटीवी कैमरों की जरूरत होगी, वहां कैमरे लगाए जाएंगे। दीवार को ऊंचा करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।
-प्रो. शंकरजी झा, प्रभारी, वाइस चांसलर