फिल्म स्टार आमिर खान के बाद अब बॉलीवुड स्टार शाहिद कपूर की टीम चंडीगढ़ में फिल्म ‘जर्सी’ की शूट के लिए तैयार है। इस फिल्म की शू्टिंग पहले 2 दिसंबर से होनी थी, लेकिन अब इसके लिए एक नया आवेदन टीम जर्सी द्वारा दिया गया है। इसके अनुसार शाहिद कपूर 13 दिसंबर से चंडीगढ़ में शूट करेंगे।
चंडीगढ़ में शाहिद कपूर की शूटिंग को लेकर काफी ज्यादा चर्चाएं हैं। इसके लिए सेक्टर-22 के नेबरहुड पार्क को तैयार किया गया है, जिसके लिए नगर निगम से ्अनुमति ली गई है। उधर, बॉलीवुड फैसिलिटेशन सेल के माध्यम से जनमार्ग, सुखना लेक के साथ ही सेक्टर-42 के फुटबाल स्टेडियम में भी शूटिंग की अनुमति ली गई है। बॉलीवुड फैसिलिटेशन सेल के एक अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ में जर्सी की शूटिंग के लिए नया आवेदन आया है। इसमें शूटिंग के लिए जो अनुमति मांगी गई है उसमें कई नए स्थान हैं।
दलजीत दोसांझ और गिप्पी ग्रेवाल भी करेंगे शूटिंग
चंडीगढ़ में दलजीत दोसांझ और गिप्पी ग्रेवाल भी शूटिंग करेंगे। यह जानकारी बॉलीवुड फैसिलिटेशन सेल के एक अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि दोनों ही कलाकारों की शूटिंग के लिए सुखना लेक, कैपिटल कांप्लेक्स और रॉक गार्डन में शूटिंग की अनुमति ली गई है।