इस साल के अंत तक चंडीगढ़ को एक हजार इलेक्ट्रिक साइकिलों का तोहफा स्मार्ट सिटी से मिलने वाला है। सितंबर तक शहर में 100 इलेक्ट्रिक साइकिलें चलने भी लगेंगी। स्मार्ट सिटी के तहत इस साल चार में से 2 फेज में काम पूरा कर लिया जाएगा। स्मार्ट सिटी के सीईओ केके यादव का कहना है कि कोरोना के कारण प्रोजेक्ट में थोड़ी देर हुई है।
हाल ही में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में कंपनी के अधिकारियों से काम शुरू करने के लिए कह दिया गया है। कंपनी ने एक हजार इलेक्ट्रिक साइकिलें खरीद ली हैं। सितंबर तक पहले फेज में कंपनी साइकिलें चलानी शुरू कर देगी। वहीं साल के अंत तक दो फेजों में 1 हजार साइकिलें दौड़ने लगेंगी। अन्य दो फेज अगले साल पूरे होंगे।
कोरोना काल में यह प्रोजेक्ट ज्यादा जरूरी
सीईओ का कहना है कि कोरोना के कारण लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सहारा कम ले रहे हैं। ऐसे में शहर में पब्लिक बाइक शेयरिंग प्रोजेक्ट की जरूरत और बढ़ गई है। इस प्रोजेक्ट के तहत लोग अपने घर से निकलकर कहीं भी जाएंगे तो साइकिल का प्रयोग कर सकेंगे। वहीं कंपनी को इन साइकिल को सैनिटाइज करने की व्यवस्था करने को कहा गया है। ताकि कोरोना का खतरा न रहे।