युवा सांसद ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव चिन्ह मिल जाएगा और जनवरी माह से प्रदेश में प्रचार शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने जननायक ताऊ देवीलाल जी से राजनीति की एबीसी सीखी है। उन्होंने कहा कि जब मैं पैदा हुआ तो उनकी गोद में बैठा था, जब तक राजनीति करूंगा, जननायक के उसूलों पर काम करूंगा।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हम जनता से झूठे वादे नहीं करेंगे, बल्कि जो वादे करेंगे उन्हें पूरा करेंगे। जनता का भरोसा किसी कीमत पर नहीं तोडे़ंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठन को लेकर जल्द ही घोषणा की जाएगी और इससे पहले पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में हर पहलू पर विस्तार से विचार विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा। कोर कमेटी का निर्णय अंतिम निर्णय होगा, क्योंकि हम संगठन में लोकतांत्रिक मूल्यों और भावनाओं का पूरी तरह से ख्याल रखेंगे।