हरियाणा के कई इलाकों में रिमझिम बारिश
कैथल में दिनभर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। शाम तक करीब 30 एमएम बारिश हुई। झज्जर-बहादुरगढ़ में हल्की बूंदाबांदी हुई। हिसार में हल्की बूंदाबांदी हुई। नारनौंद के कंडूल गांव में मकान पर बिजली गिरने से दरार आ गई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। रेवाड़ी में बारिश होने से किसान खुश हैं। भिवानी जिले के करीब आधा दर्जन गांवों जमकर ओलावृष्टि हुई। अनेक गांवों में जमकर बारिश भी हुई।
गेहूं के लिए लाभदायक
भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बारिश गेहूं की फसल के लिए काफी लाभदायक है। इससे फसल में फुटाव अच्छा होगा। गेहूं की फसल के लिए जरूरी है कि ठंड बरकरार रहे। बारिश के कारण गेहूं की फसल में बीमारियां भी नहीं लग पाएंगी।
गुरुवार से मौसम साफ हो जाएगा। कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन अगले सप्ताह तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है। तापमान में गिरावट आएगी। - डॉ. राज सिंह, अध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार
बुधवार सीजन का सबसे ठंडा दिन, पारा गिरा
चंडीगढ़ में भी दिन का तापमान सात डिग्री तक गिर गया। बुधवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को दिन में बादल छाए रहेंगे और सुबह-शाम कोहरा बना रह सकता है। शुक्रवार को मौसम साफ हो जाएगा। ठंड में इजाफा लगातार होगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण कम दबाव का क्षेत्र बना और अचानक मैदानी इलाकों में बादल बन गए।
मंगलवार की रात से रुक-रुककर हुई बारिश बुधवार को भी दिनभर होती रही। इसके कारण दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के कारण हवाएं भी चलीं, जो मैदान तक आते-आते शीतलहर में बदल गईं।