हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पंजाब से कांग्रेस के खात्मे की शुरुआत हो गई है। पंजाब के बाद अब आने वाले समय में छत्तीसगढ़, राजस्थान और हरियाणा कांग्रेस में भी यही हाल देखने को मिल सकता है। वे बुधवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से रूबरू थे।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज पंजाब में कांग्रेस के हालात किसी से छिपे नहीं है। पंजाब कांग्रेस में ये हालात दो महीने पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के बदलाव के साथ ही बन गए थे। जो हालात पंजाब कांग्रेस के चल रहे हैं, उससे आने वाले दिनों में पंजाब में कांग्रेस का पूरी तरह से खात्मा देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें- इनसाइड स्टोरी: आलाकमान पर दबाव डालने का सिद्धू का अंतिम पैंतरा, कैप्टन के इस्तीफे तक थी 'गुरु' की अहमियत
पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू ने दो-तीन माह में ही एक स्थिर सरकार को अस्थिर कर दिया। पंजाब से कांग्रेस के खात्मे की नींव रखी जा चुकी है, इसके लिए नवजोत सिंह सिद्धू ने पहला कदम रखा है। ऐलनाबाद विधानसभा उपचुनाव के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी-जेजेपी मिलकर इस उपचुनाव को लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि इसको लेकर जल्द दोनों पार्टियों द्वारा एक राज्य स्तरीय बैठक की जाएगी और उसमें कौन सी पार्टी चुनाव लड़ेगी और कौन उम्मीदवार होगा, इस बारे में निर्णय लिया जाएगा। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन का मजबूत प्रत्याशी होगा और वो ऐलनाबाद की सीट को जीतने का काम करेगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब सरकार का बड़ा फैसला: इन उपभोक्ताओं का सारा बिल किया माफ, कनेक्शन कटा तो बिना फीस जोड़ने का आदेश
ग्रामीणों को स्वच्छता के बारे में करें जागरूक: दुष्यंत चौटाला
दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रदेश के ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। जिला परिषद के सीईओ, खंड एवं विकास पंचायत अधिकारी, कार्यकारी अभियंता लक्ष्य निर्धारित कर कार्य में जुट जाएं। प्रत्येक जिले में कम से कम एक गांव स्वच्छता के हिसाब से ‘ओडीएफ-प्लस’ के 5 स्टार स्तर का हो।
डिप्टी सीएम ने बुधवार को हरियाणा निवास में प्रदेश के ‘स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2021’ को लांच किया। उन्होंने कहा कि गांव से निकलने वाले गंदे पानी की सफाई के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रबंध किए जा रहे हैं। ‘स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2021’ में पूरे देश के 698 जिलों के करीब 17,500 गांवों को शामिल किया गया है।
इनमें से हरियाणा के 513 गांव शामिल हैं। केंद्र सरकार द्वारा एक एजेंसी के माध्यम से सर्वेक्षण करवाया जाएगा। सर्वेक्षण में जहां नागरिकों से सफाई के बारे में फीडबैक ली जाएगी, वहीं एजेंसी के लोग गांव के सार्वजनिक स्थानों स्कूल, पंचायत-घर, आंगनबाड़ी आदि पर जाकर स्वच्छता का जायजा लेंगे। सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही रैंकिंग तैयार की जाएगी।