आम आदमी पार्टी से दोस्ती टूटने के बाद जजपा ने यह संकेत दे दिया है कि भविष्य में आप से फिर गठबंधन की संभावनाएं बन सकती है। जजपा नेता व हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला का कहना है कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल उनके बडे़ भाई है और वे दिल्ली में उनकी सरकार द्वारा किए गए कामों के प्रशंसक भी हैं। वे चाहते हैं कि ऐसा ही काम हरियाणा में उनकी पार्टी ऐसे सियासी दल के साथ मिलकर करें, जिनकी विचारधारा उनकी पार्टी से मिलती हो।
सोमवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आप और जजपा में सीटों को लेकर कोई मतभेद हुआ है, इसे लेकर उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है, क्योंकि किस विचारधारा वाली पार्टी के साथ जजपा का गठबंधन होना या नहीं होना है, इसके लिए राष्ट्रीय कार्यसमिति ने तीन अनुभवी जजपा नेताओं की कमेटी बना रखी है।
और ये निर्णय उन्हीं के कार्यक्षेत्र में आता है। लेकिन मेरा मानना है कि प्रदेश के हित के लिए एक समान विचारधारा वाले सियासी दलों में सीटों को लेकर कोई मतभेद नहीं होने चाहिए। दुष्यंत ने यह भी साफ किया कि जजपा का कांग्रेस और भाजपा से कतई गठबंधन नहीं हो सकता है।
मैं झूठा नहीं, जजपा बनने के बाद तीन बार दादा से मिला हूं
दुष्यंत ने कहा कि प्रदेश हित में सियासत अपनी जगह है और खून के रिश्ते अपनी जगह। दादा जी मुझे भले झूठा कहें, लेकिन मैं ये बताना चाहता हूं कि मैं झूठा नहीं हूं। जजपा के गठन के बाद मैं अपने दादा ओमप्रकाश चौटाला से तीन बार मिला हूं। एक बार तो नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला, मेरे पिता और मेरी बड़ी बुआ भी मौजूद थीं। हमने कभी इनेलो नहीं छोड़ी है, हमें इनेलो से खुद से अलग किया है।
भजनलाल, कुलदीप का फंड तो मैने खर्च किया
दुष्यंत ने हिसार के पूर्व सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल और उनके बेटे कुलदीप बिश्नोई पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हिसार लोकसभा क्षेत्र में उन्होंने जितना काम करवाया है, पहले सांसद उतना नहीं करवा पाए। दुष्यंत ने कहा कि उन्होंने भजनलाल के कार्यकाल का लैप्स हो चुका 80 लाख और कुलदीप बिश्नोई के कार्यकाल का लैप्स हो चुका 2.70 करोड़ का बजट रिकवर करवाकर उसे विकास कार्यों में लगाया है।