उत्तर रेलवे के अंबाला-लुधियाना सेक्शन के साधुगढ़-सराय बंजारा स्टेशन के बीच और फिरोजपुर मंडल के अमृतसर-लुधियाना रेल सेक्शन पर जालंधर छावनी-चहेड़ू स्टेशनों के बीच 29 जून को सीमित ऊंचाई वाले सब-वे के निर्माण के चलते कई गाड़ियां अगले कुछ दिन के लिए रद्द की गई हैं।
कुछ गाड़ियों के रूट बदले गए हैं। 29 से 30 जून को नौ से 11 घंटे का ब्लॉक लिया गया है। इस ब्लॉक के कारण शनिवार को 17 ट्रेनें रद्द और 10 ट्रेनों का रूट डायवर्ट और चार ट्रेनें शार्ट टर्मिनेट की गई।
रेल अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वह दो जुलाई तक रेलयात्रा से पहले अपनी गाड़ी संबंधी जानकारी वेबसाइट या ऐप से जरूर लें अन्यथा दूसरे विकल्प का प्रयोग करें। शनिवार को गाड़ी संख्या 22430-22429 दिल्ली जंक्शन-पठानकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12920 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-डॉ अंबेडकर नगर मालवा एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 14650 अमृतसर-जयनगर, गाड़ी संख्या 12472 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बांद्रा टर्मिनस स्वराज एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 14505-06 नंगल डैम-अमृतसर एक्सप्रेस, अमृतसर चंडीगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस गाड़ी रद्द रही।
रविवार को अमृतसर की तरफ से जाने वाली कटिहार एक्सप्रेस (15708) अंबाला कैंट से ही वापस लौट जाएगी। लुधियाना चुरू पैसेंजर, हिसार-लुधियाना पैसेंजर गाड़ी रद्द रहेगी।
हॉलीडे स्पेशल व पैसेंजर गाड़ियां भी प्रभावित
निर्माण के चलते रेलवे की ओर से चलाई जाने वाली हॉलीडे स्पेशल भी प्रभावित रहेंगीं। इसमें जम्मू तवी-उदयपुर सिटी स्पेशल, आगरा कैंट-जम्मू तवी स्पेशल, यशवंतपुर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन शामिल है। इसके अलावा अमृतसर-लुधियाना और अमृतसर पैसेंजर गाड़ी शुक्रवार को नहीं चलेगी। लुधियाना-हिसार पैसेंजर, चुरू लुधियाना पैसेंजर 1 जुलाई को रद्द रहेगी।