पंचकूला। शराब का नशा ज्यादा होने पर चालक ऑटो को साइड पर लगाकर फुटपाथ पर सो गया। सुबह उठा तो ऑटो और मोबाइल फोन दोनों चोरी हुए मिले। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने ऑटो चालक की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
डेराबस्सी निवासी विमल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऑटो जीरकपुर से हाउसिंग बोर्ड चंडीगढ़ रूट पर चलाता है। 21 अगस्त 2025 की रात करीब 11:30 बजे वह अत्यधिक शराब के नशे में सेक्टर-20 की लाइटों से थोड़ी आगे, सेक्टर-12ए की तरफ फुटपाथ पर सो गया था। उसका मोबाइल फोन भी ऑटो में रखा हुआ था।
अगली सुबह 22 अगस्त को करीब 6 बजे जब वह उठा तो उसका ऑटो और मोबाइल फोन वहां से गायब थे। उसने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन सफलता न मिलने पर अब सेक्टर-14 में शिकायत दी है।